फूलों की दुनिया में खो गये शहरवासी, फ्लावर शो का भव्य उद्घाटन
एक जनवरी को होगा समापन, कई विजेताओं को मिलेगा आकर्षक पुरस्कार
जमशेदपुर : हॉर्टिकल्चरल सोसायटी ऑफ जमशेदपुर द्वारा आयोजित वार्षिक फ्लावर शो का शुभारंभ रविवार को हो गया. बिष्टुपुर गोपाल मैदान में यह शो आगामी एक जनवरी तक चलेगा. इस बार शो की थीम ‘टोपियरी’ है, जिसमें पेड़ों-झाडिय़ों को काट-छांटकर जानवरों, ज्यामितीय आकारों या सर्पिल जैसी सजावटी मूर्तियां बनाई जाती हैं. फूलों की ये कलाकृतियां शो का मुख्य आकर्षण होंगी. इस बार शहर के अलावा कोलकाता, भुवनेश्वर, रांची, पुणे और कालिम्पांग जैसे शहरों से एक्जीबिटर्स भाग ले रहे हैं. एमेच्योर और संस्थागत कैटेगरी में कुल 20 क्लास होंगे, जिनमें गुलाब, डाहेलिया, गुलदाउदी, कट फ्लावर, पॉटेड फ्लावर, मेडिसिनल प्लांट्स और सीजनल फ्लावर्स सहित 207 से अधिक एंट्रीज होंगी. पिछले साल शो में 75 हजार से ज्यादा विजिटर्स आए थे और इस बार फुटफॉल और बढऩे की उम्मीद है. शो में 41 नर्सरी स्टॉल और 15 फूड स्टॉल भी लगेंगे.
शो का उद्घाटन मुख्य अतिथि टाटा स्टील के वीपी कॉर्पोरेट सर्विसेज डी बी सुंदरारामम ने किया. मौके पर विशिष्ट अतिथि के रुप में टीआरएफ के एमडी अभिजीत नानोटी मौजूद थे. समापन समारोह 31 दिसंबर शाम 4 बजे होगा, जिसमें टाटा स्टील के वीपी चैतन्य भानु मुख्य अतिथि और जेमिपोल की एमडी स्वास्तिका बासु विशिष्ट अतिथि होंगी.
राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए बच्चों की ‘सिट एंड ड्रॉ’ प्रतियोगिता 29 की बजाय 30 दिसंबर को सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगी. 29 और 30 दिसंबर को शाम में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जिसमें शहर के प्रतिभाशाली बच्चों को मंच मिलेगा. कार्यक्रम की अगुवाई सुकन्या दास करेंगी. बागवानी प्रेमियों के लिए 29-30 दिसंबर को तकनीकी कार्यशालाएं होंगी, जिसमें आर्ट ऑफ टोपियरी, हाइड्रोपोनिक्स गार्डेनिंग, बालकोनी गार्डेनिंग और लो-कॉस्ट गार्डेनिंग पर विशेषज्ञ चर्चा करेंगे. 28 दिसंबर को दोपहर 2 बजे से रात 9 बजे तक, जबकि बाकी दिनों में सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक शो खुला रहेगा. एंट्री फीस 10 रुपये, लेकिन विद्यार्थियों के लिए प्रवेश निशुल्क रहेगा.
