पीएम मोदी ने ट्वीट कर किया ऐलान‚ खेल रत्न का नाम बदला गया

सर्च न्यूज़ सच के साथ – नई दिल्ली। भारत सरकार ने देश के सर्वोच्च खेल सम्मान ‘राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार’ का नाम बदलकर अब ‘मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार’ रखने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। इस फैसले की जानकारी खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर साझा की। उन्होंने बताया कि यह निर्णय देशभर के नागरिकों से प्राप्त सुझावों और भावनाओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट में लिखा, “देशवासियों से मुझे लगातार यह अनुरोध प्राप्त हो रहा था कि खेल रत्न पुरस्कार का नाम बदलकर मेजर ध्यानचंद के नाम पर रखा जाए.
लोगों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है कि इसका नाम अब ‘मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार’ होगा।”पीएम मोदी ने इस अवसर पर टोक्यो ओलंपिक में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि देश के बेटे-बेटियों ने जिस इच्छाशक्ति और जीत की ललक के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया है, वह आज की और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।मेजर ध्यानचंद भारत के महान हॉकी खिलाड़ी माने जाते हैं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश को कई गौरवपूर्ण उपलब्धियां दिलाईं।
उनके नाम पर पुरस्कार का नामकरण न केवल भारतीय हॉकी को सम्मानित करता है, बल्कि खेल जगत को राष्ट्रीय गौरव से जोड़ता है।राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार की शुरुआत 1991-92 में हुई थी और यह पुरस्कार उन खिलाड़ियों को दिया जाता है जिन्होंने खेलों के क्षेत्र में असाधारण प्रदर्शन किया हो। अब इसका नया नामकरण खेल जगत में एक नई शुरुआत का संकेत देता है, जो भारत की खेल संस्कृति और विरासत को और मजबूती से आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।