पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां सैकड़ों समर्थकों के साथ पुनः भाजपा में शामिल
प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद आदित्य साहू, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने दिलाई सदस्यता
भाजपा प्रदेश कार्यालय में मिलन कार्यक्रम, पार्टी का पटका और माला पहनाकर किया अभिनंदन
रांची : भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज भव्य मिलन कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें भुइयां समाज के केंद्रीय अध्यक्ष, राज्य के पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां ने झामुमो से नाता तोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवम सांसद आदित्य साहू एवं पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने पटका और माला पहनाकर दुलाल भुइयां का भाजपा में स्वागत और अभिनंदन किया. इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, हेमंत दास, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा और रामगढ़ जिलाध्यक्ष संजीव बावला भी उपस्थित रहे. मंच संचालन प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक ने किया.
इस अवसर पर आदित्य साहू ने झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री, तीन बार के विधायक रहे दुलाल भुइयां का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा परिवार की नहीं विचार की पार्टी है, जिसका संकल्प अंत्योदय है, लक्ष्य दलित, शोषित, वंचित पिछड़े समाज के चेहरे पर मुस्कान लाना है. कहा कि पिछले 11 वर्षों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार गांव, गरीब, किसान को विकास की मुख्यधारा में जोड़ने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है. सबका साथ सबका विकास के साथ 140 करोड़ जनता के कल्याण का कार्य हो रहा है. कहा कि इसके पूर्व भी राज्य के कई जिलों में दलित समाज के साथ दुर्व्यवहार किया गया. आज दलित समाज हेमंत सरकार से ऊब चुका है. कहा कि दुलाल भुइयां केवल व्यक्ति नहीं दलितों की आवाज हैं जिनके भाजपा में आने से पार्टी की पकड़ दलित समाज में और बढ़ेगी.
● रामभक्तों की पार्टी में शामिल हुए शबरी माता के वंशज : मरांडी
पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आज दुलाल भुइयां के नेतृत्व में शबरी माता के वंशज भुइयां समाज राम के आदर्शों पर चलने वाली रामभक्तों की पार्टी भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने आए हैं. शबरी माता का सम्मान भगवान राम ने ही बढ़ाया, उनके जूठे बेर खाए. शबरी और राम का नाता युगों युगों का नाता है. श्री मरांडी ने कहा कि झामुमो ने कभी भी राज्य के साथ इंसाफ नहीं किया. न तो आंदोलन में और न सत्ता में. बिहार के जमाने के जंगल राज की याद आज हेमंत सरकार ने दिला दी है. इसलिए राज्य के विकास की लड़ाई अभी अधूरी है. राज्य तो मिला लेकिन जनता को न्याय दिलाना अभी बाकी है. भाजपा ने जैसे राज्य का सपना साकार किया उसी तरह जल, जंगल, जमीन को न्याय भी भाजपा सरकार में ही मिलेगा.
● भाजपा छोड़ अब कहीं नहीं जाऊंगा, भुइयां समाज का संकल्प है : दुलाल
पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां ने कहा कि भुइयां समाज भाजपा का ऋणी है. भाजपा ने ही दलित समाज को न्याय और सम्मान दिया है. दिशाेम गुरु स्व शिबू सोरेन जी को पद्म अलंकरण से सम्मानित कर मोदी सरकार ने दलित आदिवासी पिछड़ा समाज के प्रति अपने संकल्प को पूरा किया है. उन्होंने भरे हॉल में शपथ लेते हुए कहा कि अब वे जीवन पर्यंत भाजपा छोड़कर कहीं नहीं जायेंगे. यह भुइयां समाज का सर्व सम्मत निर्णय है.
● दुलाल के साथ ये भी हुए शामिल
सदस्यता ग्रहण करनेवालों में भुइयां समाज के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप भुइयां, समाज के केंद्रीय उपाध्यक्ष नुनु लाल भुइयां, विप्लव भुइयां, नील रंजन श्रीवास्तव, मनोज कुमार मंडल, अंजना भुइयां, निमाई मंडल, धीरज सिंह, भोला सिंह, सामपोदो भुइयां, विमल दत्ता, राहुल साव, अनील कुमार कांडी, सुबोल प्रामाणिक, सुनील दास, संजीत सिंह, धर्मेंद्र पांडेय, पिंटू कुमार दुबे, लख्खी भुइयां, शंकर भुइयां, नीलकमल महतो, सुखदेव भुइयां, राकेश भुइयां, श्यामपदो भुइयां, राज भुइयां, समीर भुइयां सोनू दास, शंभूनाथ महतो, सुखो सिंह, गंगाधर सिंह, बुलू सिंह, अशोक सिंह, काशीनाथ भुइयां,राजेंद्र भुइयां, लुलु मंडल, शिबू नामता, लालटू नामता, शंकर तिवारी, अंजना भुइयां, गणेश भुइयां, समीर दत्ता, कृपा दत्ता, संजय पोद्दार सहित सैकड़ों समर्थकों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की.
