राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रायरंगपुर में IGNOU रीजनल सेंटर व स्किल सेंटर का किया वर्चुअल उद्घाटन
रायरंगपुर। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रायरंगपुर में इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी (IGNOU) के रीजनल सेंटर और स्किल सेंटर का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। यह कार्यक्रम शिक्षा और स्किल डेवलपमेंट के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक पहल के रूप में देखा जा रहा है, विशेषकर ओडिशा के आदिवासी बहुल मयूरभंज जिले के लिए। इस अवसर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय स्किल डेवलपमेंट एवं एंटरप्रेन्योरशिप तथा शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री जयंत चौधरी और IGNOU की वाइस-चांसलर प्रोफेसर उमा कांजीलाल विशेष रूप से उपस्थित थे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने संबोधन में कहा कि रायरंगपुर में IGNOU रीजनल सेंटर और स्किल सेंटर की स्थापना से ओपन और डिस्टेंस एजुकेशन के माध्यम से उच्च शिक्षा और स्किल-बेस्ड ट्रेनिंग तक लोगों की आसान पहुंच सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा एक मजबूत और समावेशी राष्ट्र के निर्माण की बुनियाद है और IGNOU जैसे संस्थान दूर-दराज व आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। डिजिटल एजुकेशन और ऑनलाइन कोर्स पर जोर देते हुए उन्होंने इसे आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत सरकार का उद्देश्य शिक्षा को अधिक सुलभ, सरल और स्किल-ओरिएंटेड बनाना है। रायरंगपुर में IGNOU रीजनल सेंटर और स्किल सेंटर की स्थापना इसी विज़न को साकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम है, जिससे युवा रोजगारोन्मुखी कौशल हासिल कर सकेंगे।
वहीं केंद्रीय मंत्री श्री जयंत चौधरी ने डिजिटल इंडिया मिशन की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि गांव-गांव तक इंटरनेट और डिजिटल सुविधाएं पहुंचने से शिक्षा और स्किल डेवलपमेंट के अवसर तेजी से बढ़े हैं। IGNOU जैसे संस्थान इस डिजिटल कनेक्टिविटी का लाभ उन लोगों तक पहुंचा रहे हैं, जो अब तक शिक्षा की मुख्यधारा से दूर थे।

IGNOU की वाइस-चांसलर प्रो. उमा कांजीलाल ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य समावेशी, समान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है। रायरंगपुर में नए रीजनल सेंटर और स्किल सेंटर की स्थापना से मयूरभंज के साथ-साथ क्योंझर, बालासोर, भद्रक और जाजपुर जिलों के छात्रों को कृषि, डिजिटल टेक्नोलॉजी, स्वास्थ्य, एंटरप्रेन्योरशिप सहित विभिन्न क्षेत्रों में डिग्री, डिप्लोमा, सर्टिफिकेट कोर्स और स्किल-बेस्ड ट्रेनिंग का लाभ मिलेगा।
IGNOU रीजनल सेंटर, रायरंगपुर के सीनियर रीजनल डायरेक्टर डॉ. मनोज कुमार दास ने इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, डिस्टेंस लर्निंग की सुविधा और जॉब-ओरिएंटेड स्किल ट्रेनिंग मिलेगी, जो युवाओं को सशक्त बनाएगी।
इस उद्घाटन को यादगार बनाने के लिए रायरंगपुर म्युनिसिपैलिटी कल्याण मंडप में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें ओडिशा सरकार के माननीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री गणेश रामसिंह खुंटिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सांसद श्री नव चरण माझी, रायरंगपुर विधायक जालेन नाइक, सरसकाना विधायक भादव हांसदा, जिला मजिस्ट्रेट हेमकांत साईं, जिला सुरक्षा अधिकारी वरुण गुंटुपल्ली सहित कई प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद थे।

