March 28, 2026

परिवार व आर्थिक हालात सुधारने को जरुरी है कंपनी का खुलना

IMG-20251229-WA0003

वेदांता (केबुल) कंपनी खोलने के पक्ष में कर्मचारी, कंपनी गेट पर सागर-प्रदीप की अध्यक्षता में बैठक

hemkund-public-school

जमशेदपुर : केबल मजदूर संघ की ओर से रविवार को केबल गेट पर कर्मचारियों की बैठक सागर तिवारी एवं प्रदीप झा की संयुक्त अध्यक्षता में हुई, जिसमें लगभग 125 की संख्या में केबल कर्मचारी शामिल हुए. बैठक का उद्देश्य कंपनी के दोबारा संचालन को लेकर कर्मचारियों की एकजुट राय बनाना और मजदूरों से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा करना था. बैठक में उपस्थित सभी कर्मचारियों ने एक स्वर में वेदांता कंपनी के खुलने के पक्ष में अपनी सहमति जताई. मजदूरों ने कहा कि कंपनी का संचालन शुरू होना न सिर्फ उनके रोजगार के लिए जरूरी है, बल्कि इससे उनके परिवारों और पूरे क्षेत्र के आर्थिक हालात भी बेहतर होंगे.
बैठक के दौरान मजदूरों ने वेदांता प्रबंधन के समक्ष अपनी प्रमुख मांगें रखने का निर्णय लिया. कर्मचारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि पीएफ (भविष्य निधि) और ग्रेच्युटी (सेवानिवृत्ति लाभ) से जुड़े उनके अधिकारों को लेकर वेदांता प्रबंधन से ठोस और स्पष्ट व्यवस्था की मांग की जाएगी. मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि बीते करीब 25 वर्षों से केबल कर्मचारियों ने लगातार संघर्ष किया है. लंबे समय तक अनिश्चितता और बंदी के दौर से गुजरने के बाद अब कर्मचारियों को उम्मीद है कि वेदांता कंपनी के शुरू होने से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा.
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कर्मचारियों की सभी समस्याओं, सुझावों और मांगों को एकजुट रूप से वेदांता प्रबंधन के सामने रखा जाएगा, ताकि आपसी संवाद और सहमति के माध्यम से कंपनी का कामकाज सुचारू रूप से आगे बढ़ाया जा सके. बैठक में मौजूद सभी कर्मचारियों ने साफ शब्दों में कहा कि वे वेदांता के साथ हैं और चाहते हैं कि कंपनी जल्द से जल्द पूरी क्षमता के साथ खुले. इसमें मुख्य रूप से रविन्द्र मिश्रा, संजय शर्मा, संजय चौधरी, चंद्रशेखर दुबे उपस्थित थे.