February 11, 2026

पुलिस प्रताडऩा से हुई जीत की मौत, हत्या का मामला दर्ज हो

IMG-20260103-WA0000

सांसद पहुंचे मानगो गोकुलनगर, पीडि़त परिवार से मिल घटना की ली जानकारी

जमशेदपुर : मानगो गोकुलनगर निवासी जीत महतो की पुलिस हिरासत में मौत मामले में सांसद बिद्युत बरण महतो ने कहा कि यह स्वाभाविक नहीं बल्कि पुलिस प्रताडऩा के कारण पुलिस हिरासत में हत्या का मामला है. घटना की जानकारी मिलने के पश्चात सांसद श्री महतो ने आज शाम गोकुलनगर जाकर मृतक के परिजनों से मुलाकात की. मृतक की मां पूजा महतो ने जिस प्रकार घटना के बारे में बताया वह दिल दहलानेवाला था. सांसद ने कहा कि जिस प्रकार से जीत महतो की गिरफ्तारी हुई है वह कई प्रकार के संदेहों को जन्म देता है. इतना ही नहीं उनकी मौत के बाद पुलिस ने आनन-फानन में जिस तरह पोस्टमार्टम करवाकर उसका अंत्येष्टि कराई वह भी संदेह के घेरे में है. सांसद ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि मृतक के परिजनों को दो लाख रूपये की राशि दी गई है. सवाल यह है कि यह राशि कहाँ से आई? यह किस मद से दिया गया? किसने इसकी स्वीकृति दी?
उन्होंने कहा कि मात्र एक छोटे मोबाइल की चोरी के संदेह में जबरन पुलिस ने जीत को गिरफ्तार कर उसे अपने हिरासत में रखा और पुलिस प्रताडऩा से मृत्यु के बाद उसे अस्पताल में दाखिल कराया गया. जिस थाना प्रभारी के कार्यकाल में यह मामला घटित हुआ उनका पूर्व इतिहास भी भारतीय सेना के जवान से मारपीट करने का रहा हैै. सांसद ने झारखंड के पुलिस महानिदेशक से मांग की कि घटना के जिम्मेदार पुलिस पदाधिकारियों पर हत्या का मामला दर्ज किया जाए एवं इस कुकृत्य में शामिल कर्मियों को तत्काल निलंबित किया जाए. इस मामले की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए. आज मृतक परिवार से मिलने के दौरान विनोद राय, रविंद्र सिंह शिशोदिया, सुशील पांडे, अनिमेष सिंहा, मुन्ना मिश्रा, राकेश प्रसाद, महेश सिंह, सुमन श्रीवास्तव, नवनीत तिवारी उपस्थित थे.