February 11, 2026

राज्यस्तरीय ‘बंगीय उत्सव’ में बंगभाषियों का महाजुटान रविवार को

IMG-20260130-WA0008

दिनभर चलेगा कार्यक्रम, गीत-संगीत सहित कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों का होगा आयोजन

जमशेदपुर : झारखंड में बांग्ला भाषा एवं सांस्कृतिक धरोहर को संजोने के उद्देश्य से राज्यस्तरीय बंगीय उत्सव का आयोजन आगामी 1 फरवरी को बिष्टुपुर गोपाल मैदान में किया जाएगा. उक्त जानकारी बंगीय उत्सव समिति के अध्यक्ष एवं योग गुरु अंशु सरकार ने बिष्टुपुर मिलानी हॉल में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दी. उन्होंने बताया कि यह उत्सव सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें राज्य के विभिन्न जिलों से कलाकार, साहित्यकार और संस्कृति प्रेमी शामिल होंगे. कार्यक्रम में सरकार योगा अकादमी की टीम विशेष योग प्रदर्शन करेगी. चास के पूपिंकी आश्रम एवं अखंड मंडली द्वारा आध्यात्मिक संगीत की प्रस्तुति होगी. साथ ही नटराज संगीत विद्यालय, चाईबासा के कलाकार पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत करेंगे. मानसी म्यूजिक डांस अकादमी, घाटशिला की टीम द्वारा संगीत एवं नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी.
उन्होंने बताया कि जमशेदपुर की सौमी बोस, संदीप बोस, सुदीप्ता दास एवं उनकी टीम द्वारा बसंत ऋतु की थीम पर कथक एवं रवींद्र संगीत आधारित नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा. वहीं सुब्रतो विश्वास, अंजन राय संगीत और देबांजली राय चौधुरी की टीम द्वारा मनमोहक नृत्य प्रस्तुति होगी. प्रसिद्ध बांसुरी वादक अशोक दास और माउथ ऑर्गन वादक विकास कुमार शीट की जुगलबंदी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी. इसके अलावा रांची के सजल बनर्जी एवं उनकी टीम रवींद्र संगीत, पश्चिम बंगाल के मालदा से सुर संगम की टीम बांग्ला लोक संगीत की प्रस्तुति देगी.

सर चढक़र बोलेगा अर्पिता चक्रवर्ती की आवाज का जादू

इस मौके पर समिति के कार्यकारी अध्यक्ष अपर्णा गुहा ने बताया कि संध्याबेला में प्रसिद्ध लोक गायिका अर्पिता चक्रवर्ती अपनी आवाज से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगी. कार्यक्रम के दौरान झारखंड की 25 सहयोगी संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा. बच्चों द्वारा गीता पाठ किया जाएगा. आयोजन में झारखंड सरकार के मंत्री दीपक बिरुआ, संस्था के मुख्य संरक्षक सुप्रियो भट्टाचार्य, टिनप्लेट कंपनी के चीफ डॉ सौरोज्योति दे, एनआईटी के डायरेक्टर गौतम सूत्रधार, एनएमएल के निदेशक संदीप घोष चौधरी, रामकृष्ण मिशन से स्वामीजी एवं ब्रह्मकुमारी से अंजू बहन सहित कई गणमान्य अतिथि शामिल होंगे. पत्रकार सम्मेलन में समिति के चेयरमैन पार्थ सारथी चटर्जी, अंशु सरकार, अपर्णा गुहा, महासचिव उत्तम गुहा, इंद्रजीत घोष, पुरबी घोष, मिथिलेश घोष, शुभंकर चटर्जी, राजू दत्ता, अशोक दत्ता, प्रकाश मुखर्जी, नांटू सरकार, देबजीत सरकार, बाबूलाल चक्रवर्ती और कोषाध्यक्ष अमित माइति मौजूद थे.