राखा माइंस स्टेशन पर होगा उत्कल एक्सप्रेस का ठहराव
● केंद्र से मंजूरी मिलने से यात्रियों को बड़ी राहत
जमशेदपुर : झारखंड के यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है कि केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राखामाइंस रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 18477/18478 पुरी–योग नगरी ऋषिकेश कलिंग उत्कल एक्सप्रेस के ठहराव को स्वीकृति प्रदान कर दी है.
इस संबंध में मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद विद्युत वरण महतो को पत्र भेजकर जानकारी दी गई है. पत्र में उल्लेख किया गया है कि सांसद द्वारा 11 फरवरी, 2026 को भेजे गए अनुरोध पत्र पर विचार करते हुए यह निर्णय लिया गया है. रेल मंत्रालय के इस फैसले से राखामाइंस और आसपास के क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा. अब लंबी दूरी की महत्वपूर्ण ट्रेन का ठहराव यहां होने से यात्रियों को टाटानगर या अन्य बड़े स्टेशनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा.
स्थानीय लोगों का कहना है कि उत्कल एक्सप्रेस का ठहराव शुरू होने से ओडिशा, उत्तराखंड और झारखंड के बीच यात्रा और अधिक सुगम हो जाएगी. साथ ही व्यापार, रोजगार और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही ठहराव की तिथि और समय-सारिणी जारी कर दी जाएगी. यह निर्णय क्षेत्र के विकास और यात्रियों की सुविधा की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है.
