March 16, 2026

Jamshedpur News : जमशेदपुर में रामनवमी समेत अन्य त्योहारों को लेकर प्रशासन सतर्क, उपायुक्त ने सोमवार को बुलाई केंद्रीय शांति समिति की बैठक

WhatsApp-Image-2025-05-27-at-3.01.29-PM
  • सिदगोड़ा टाउन हॉल में उपायुक्त की अध्यक्षता में होगी बैठक, अखाड़ा समितियां और अधिकारी होंगे शामिल

Jamshedpur/Jharkhand : आगामी हिन्दू नववर्ष, ईद-उल-फितर, सरहुल और रामनवमी जैसे महत्वपूर्ण पर्वों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में उपायुक्त कर्ण सत्यर्थी ने सोमवार (16 मार्च) को दोपहर 3:30 बजे एक बैठक बुलाई है।

उपायुक्त की अध्यक्षता में होगी बैठक

यह बैठक सिदगोड़ा स्थित टाउन हॉल में होगी, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त करेंगे। बैठक में सभी अनुज्ञप्तिधारी (लाइसेंसी) रामनवमी अखाड़ा के अध्यक्ष और सचिव, केन्द्रीय शांति समिति के सदस्य, पुलिस पदाधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल होंगे। बैठक का उद्देश्य आगामी त्योहारों के दौरान शहर में शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए समन्वय स्थापित करना है।

थाना प्रभारियों और बीडीओ को दिए गए निर्देश

जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के रामनवमी अखाड़ा अनुज्ञप्तिधारी अध्यक्ष और सचिवों के साथ-साथ केंद्रीय शांति समिति के सदस्यों को बैठक में समय पर शामिल होने की सूचना दें।इसके साथ ही सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारियों को भी इस बैठक में भाग लेने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी संबंधित अधिकारी और प्रतिनिधि निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित रहेंगे।

त्योहारों को लेकर प्रशासन की सतर्कता

जिला प्रशासन का मानना है कि विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक त्योहारों के दौरान सामाजिक सौहार्द बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से प्रशासन पहले से ही सभी संबंधित पक्षों के साथ बैठक कर सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, जुलूस मार्ग और अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा करेगा।

Also Read : Jharkhand IAS Officers Property Disclosure : झारखंड कैडर के 155 IAS अधिकारियों ने सार्वजनिक की संपत्ति, कई राज्यों में जमीन-मकान