श्रद्धालुओं ने शिवलिंग व गरुड़ जी को कराया नगर भ्रमण
सिदगोड़ा सूर्यधाम के वर्षगांठ पर आयोजन, आज होगा यज्ञ व हवन
जमशेदपुर : सिदगोड़ा सूर्यधाम में श्री शिवलिंग के पुनस्र्थापना सह प्राण प्रतिष्ठा, गरुड़ स्तंभ स्थापना एवं राम मंदिर स्थापना के छठवीं वर्षगांठ चार दिवसीय अनुष्ठान के दूसरे दिन गुरुवार को श्री शिवलिंग एवं गरुड़ जी को नगर भ्रमण पर निकाला गया. शोभा यात्रा श्रीराम मंदिर से प्रारंभ होकर सिदगोड़ा के प्रमुख मार्ग से होकर 28 नंबर रोड से भ्रमण कर पुन: सूर्यधाम पहुंचा. नगर भ्रमण सह शोभायात्रा की शुरूआत श्री अयोध्याधाम से आये यज्ञाचार्य पंडित श्री भूषण जी महाराज ने ध्वजापूजन और नारियल फोडक़र की. शोभा यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री सह सूर्य मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास, संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह शामिल रहे. यात्रा में सबसे आगे सुसज्जित घोड़े, उसके पीछे आचार्यों का दल, सिंग बाजा, उसके पीछे धार्मिक धुन बजाता बैंड बाजा और फूल मालाओं से सुशोभित वाहन पर श्री शिवलिंग एवं गरुड़ जी विराजमान थे.
पूरे यात्रा में श्रद्धालुओं के संग विराट झांकी और आतिशबाजी लोगों को आकर्षित करती रही. शोभा यात्रा में एक वाहन पर डीजे सेट लगाई गई थी, जिसमें राम धुन पूरे क्षेत्र को भक्तिमय कर रहे थे. पूरे नगर भ्रमण के दौरान युवा सदस्य व महिलाएं हाथों में केसरिया ध्वज लिए संगीत की धुन पर थिरकते रहे. नगर भ्रमण के पूरे रास्तों पर श्रीराम ध्वज लगाया गया था.
आयोजन के मद्देनजर पूरे मंदिर परिसर, पार्क एवं आसपास के क्षेत्र एवं सडक़ों पर रंग-बिरंगी लाइटें सजाई गई है. कल, शुक्रवार को अरणी मंथन, प्राण प्रतिष्ठा एवं यज्ञ हवन होगा. वहीं, शनिवार को पूजन, सुन्दरनकाण्ड एवं संध्याकाल में दीपोत्सव, आतिशबाजी के पश्चात महभण्डारा का आयोजन किया जाएगा. मौके पर अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, महासचिव अखिलेश चौधरी, अमरजीत सिंह राजा, शैलेश गुप्ता, शशिकांत सिंह, बंटी अग्रवाल सहित कई श्रद्धालु शामिल हुए.
