रुट डायवर्जन, पास व्यवस्था व इेंटलिजेंस इनपुट को प्रभावी ढंग से करें लागू
जेआरडी स्पोर्ट्स कांपलेक्स में डीसी-एसएसपी ने की ब्रीफिंग, दंडाधिकारी व पुलिस जवान रहे मौजूद
जमशेदपुर : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का 26 फरवरी को प्रस्तावित शहर आगमन के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही है. इस क्रम में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय की संयुक्त अध्यक्षता में जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों तथा पुलिस बल की ब्रीफिंग की गई. इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि राष्ट्रपति का अत्यंत महत्वपूर्ण एवं उच्चतम प्रोटोकॉल से संबंधित है, ऐसे में सभी पदाधिकारी-कर्मी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, अनुशासन एवं समन्वय के साथ करें. उन्होंने निर्देश दिया कि प्रोटोकॉल, सुरक्षा, समयबद्धता एवं आपसी समन्वय में किसी भी स्तर पर चूक नहीं होनी चाहिए. उपायुक्त ने कार्यक्रम स्थल, रूट लाइन, हवाई अड्डा/हेलिपैड, आवास स्थल, सभा स्थल, पार्किंग एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए.
वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कहा कि राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा एवं बेहतर विधि व्यवस्था का संधारण सर्वोच्च प्राथमिकता है. सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक स्वीकार्य नहीं होगी. एसएसपी ने रूट लाइन क्लियरेंस, एंटी-सबोटाज जांच, सीसीटीवी निगरानी, ट्रैफिक एवं रूट डायवर्जन, पास व्यवस्था एवं इंटेलिजेंस इनपुट को प्रभावी ढंग से लागू करने का निर्देश दिया. किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने हेतु कंट्रोल रूम, क्विक रिस्पांस टीम एवं मेडिकल इमरजेंसी यूनिट पूरी तरह सक्रिय रहेंगी. ब्रीफिंग में यह भी निर्देश दिया गया कि आम नागरिकों को न्यूनतम असुविधा हो, इसके लिए यातायात प्रबंधन एवं वैकल्पिक मार्गों की जानकारी मीडिया माध्यमों से सार्वजनिक की जाएगी. बैठक में सभी वरीय दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे.
