साईं परिवार विश्व सेवा संस्थान का महाशिवरात्रि महोत्सव 15 को
जमशेदपुर: साईं परिवार विश्व सेवा संस्थान के तत्वावधान में श्री साईनाथ देवस्थानम, घोड़ाबाँधा, टेल्को स्थित “श्री शिवालय” में भव्य महाशिवरात्रि महोत्सव का आयोजन 15 फरवरी को किया जाएगा. इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए एक दिवसीय विशेष धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन होगा. महाशिवरात्रि के दिन सुबह 5 बजे से शाम 5 बजे तक विशेष पूजन एवं रुद्राभिषेक संपन्न होगा. भक्तगण व्यक्तिगत एवं सामूहिक रुद्राभिषेक में भाग ले सकते हैं. इच्छुक भक्त मंदिर कार्यालय से संपर्क कर रुद्राभिषेक में शामिल होने का पंजीकरण कर सकते हैं. रुद्राभिषेक के पश्चात शाम 7 बजे से अगले दिन सुबह 6 बजे तक चार पहर की विशेष पूजन अनुष्ठान का आयोजन किया जाएगा.
प्रथम पहर (सांय 7 से-रात्रि 9) में पूजन एवं भजन संध्या, द्वितीय पहर (रात्रि 9-मध्यरात्रि 12) में पूजन एवं भव्य शिव विवाह तथा तृतीय पहर (मध्यरात्रि 12-रात्रि 3) में पूजन एवं रुद्राभिषेक, इसके पश्चात रुद्राष्टाध्यायी हवन होगा एवं चतुर्थ पहर (रात्रि 3- प्रातः 6) में पूजन, भगवान भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार एवं महाआरती होगी. इस दौरान प्रत्येक पहर में भोलेनाथ को भिन्न-भिन्न भोग अर्पित किए जाएंगे. संस्थान की ओर से सभी शिव भक्तों से सपरिवार उपस्थित होने की अपील की गई है.
