February 11, 2026

साकची गुरुद्वारा से कल निकलेगी शोभायात्रा, करेगी पूरे क्षेत्र का भ्रमण

IMG-20251226-WA0011

गुरु गोबिंद सिंह के प्रकाश उत्सव पर होंगे कई आयोजन, सजेगा कीर्तन दरबार

जमशेदपुर : सिख पंथ के दशम गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज का 359वां प्रकाश पर्व कल, शनिवार को साकची गुरुद्वारा साहिब में श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा. इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब को आकर्षक एवं दिव्य सजावट से सुसज्जित किया गया है, जहां संगत गुरु महाराज के चरणों में मत्था टेकेगी. प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में कल साकची गुरुद्वारा साहिब से निकलनेवाली भव्य शोभायात्रा की तैयारियां भी पूरी कर ली गई है. शुक्रवार को प्रकाश दिहाड़े की बधाई देते हुए साकची गुरुद्वारा के प्रधान सरदार निशान सिंह ने समस्त संगत से अपील की कि वे गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के सम्मान में गुरुद्वारा साहिब में हाजिरी भरें तथा सुबह 10 बजे शोभायात्रा में सहभागी बनकर गुरु का प्रसाद ग्रहण करें. शोभायात्रा को व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने हेतु साकची गुरुद्वारा प्रबंधन का प्रतिनिधिमंडल प्रधान सरदार निशान सिंह के नेतृत्व में यातायात डीएसपी नीरज कुमार, साकची यातायात प्रभारी शंकर कुमार एवं साकची थाना प्रभारी आनंद कुमार मिश्रा से औपचारिक भेंट कर निर्धारित मार्ग की जानकारी साझा की. प्रतिनिधिमंडल में सतनाम सिंह सिद्धू, रणधीर सिंह सिद्धू, अजायब सिंह बरियार, सुखविंदर सिंह निक्कू, त्रिलोचन सिंह तोची, सतपाल सिंह राजू एवं परमजीत सिंह काले भी शामिल थे.

पूरे साकची क्षेत्र का भ्रमण करेगी शोभायात्रा
परमजीत सिंह काले ने बताया कि शोभायात्रा सुबह 10 बजे साकची गुरुद्वारा साहिब से प्रारंभ होकर कालीमाटी रोड, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति गोलचक्कर, बसंत टॉकीज गोलचक्कर, साकची गोलचक्कर होते हुए पुन: उसी मार्ग से लौटेगी तथा काशीडीह मोड़ गोलचक्कर और आरडी टाटा गोलचक्कर से गुजरते हुए साकची गुरुद्वारा साहिब में सम्पन्न होगी. समापन के पश्चात समाप्ति की पावन अरदास की जाएगी. प्रकाशोत्सव के दौरान गुरुद्वारा परिसर में भव्य कीर्तन दरबार भी सजेगा. शोभायात्रा में स्त्री सत्संग सभा, सुखमणि साहिब जत्था की बीबियां, नौजवान सभा, गुरु नानक उच्च एवं मध्य विद्यालय तथा मॉर्डन इंग्लिश स्कूल के विद्यार्थी सहित गुरु-रूप साध संगत विशेष रूप से सहभागी होंगे.

गुरु का अटूट लंगर होगा समर्पित
सुखविंदर सिंह निक्कू ने बताया कि प्रकाशोत्सव के अवसर पर गुरु का अटूट लंगर पूरे श्रद्धा भाव से संगत को समर्पित किया जाएगा ताकि सभी श्रद्धालु लंगर और कड़ाह प्रसाद ग्रहण कर गुरु कृपा के भागी बन सकें. हरजीत सिंह मोनू ने संगत से अपील की कि गुरु चरणों में अरदास-बेनती कर शोभायात्रा को सफल बनाएं.