सांसद विद्युत के ससुर का निधन, बड़े पुत्र ने दी मुखाग्नि
आदित्यपुर कृष्णापुर से निकली अंतिम यात्रा, गांव के लोगों ने दी श्रद्धांजलि
जमशेदपुर : सांसद बिद्युत बरण महतो के ससुर और टाटा स्टील के सेवानिवृत्तकर्मी उमेश चन्द्र महतो का आज सुबह लगभग 5 बजे टाटा मुख्य अस्पताल में निधन हो गया. वे 93 वर्ष के थे और पिछले दो सप्ताह से अस्पताल में इलाजरत थे. निधन के पश्चात उनके पार्थिव शरीर को आदित्यपुर स्थित उनके पैतृक आवास कृष्णापुर लाया गया. जैसे ही उनके निधन की खबर फैली, पूरे गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई. काफी संख्या में ग्रामीण और उनके परिचित अंतिम दर्शन के लिए उनके आवास पर एकत्र हुए.
स्व. उमेश चन्द्र महतो की अंतिम यात्रा उनके निवास स्थान से निकलकर कृष्णापुर स्थित महेश्वर गंगामनी श्मशान घाट पहुंची. वहां पूरे रीति-रिवाज के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया. उनके बड़े पुत्र विनय महतो ने उन्हें मुखाग्नि दी. स्व. महतो अपने पीछे पत्नी उलासी महतो सहित पुत्र विनय महतो व बादल चंद्र महतो, पुत्रियां शोभा रानी महतो, आशा रानी महतो, आभा रानी महतो, ऊषा रानी महतो (सांसद बिद्युत बरण महतो की धर्मपत्नी), शीला रानी महतो और लीला रानी महतो समेत भरापूरा परिवार छोड़ गये हैं.
अंतिम संस्कार के दौरान राजनीति और सामाजिक जगत से जुड़े कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे. शोक व्यक्त करनेवालों में राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा, पूर्व सांसद शैलेंद्र महतो, एसिया अध्यक्ष इंदर अग्रवाल, आस्तिक महतो, सांसद प्रतिनिधि संजीव कुमार, नबकिशोर महतो, कुनाल महतो, शंकर सरदार, परिमल महतो समेत कफी संख्या में ग्रामीण लोग उपस्थित थे. क्षेत्र के लोगों ने उन्हें एक सरल और कर्मठ व्यक्तित्व के रूप में याद करते हुए अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की.
