March 3, 2026

सांस्कृतिक झांकियां होंगी खास, सनातन परंपरा का देंगे संदेश

IMG-20260303-WA0006

हिन्दू जागरण मंच की बैठक सिदगोड़ा में, हिन्दू नववर्ष पर निकलेगी शोभायात्रा

जमशेदपुर : हिंदू जागरण मंच की बैठक बलबीर मंडल की अध्यक्षता में सिदगोड़ा गणेश पूजा मैदान में हुई, जिसमें आगामी हिंदू नववर्ष पर आयोजित होनेवाली शोभायात्रा की तैयारी को लेकर चर्चा की गई. बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष हिंदू नववर्ष शोभायात्रा हरिजन स्कूल से प्रारंभ होकर साकची आम बागान पहुंचेगी, जहां सामूहिक आरती एवं मंगल कामना के साथ कार्यक्रम का समापन होगा. शोभा यात्रा में आकर्षक एवं सांस्कृतिक झांकियां शामिल रहेंगी, जिनके माध्यम से भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा, महापुरुषों के जीवन चरित्र एवं राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया जाएगा.
बैठक में निर्णय लिया गया कि हिंदू नववर्ष को शहर में भव्य एवं ऐतिहासिक रूप देने के लिए विभिन्न स्थानों पर स्वागत द्वार बनाए जाएंगे, मार्गों को भगवा ध्वज एवं धार्मिक पताकाओं से सजाया जाएगा तथा शोभायात्रा मार्ग में पुष्प वर्षा एवं स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. युवाओं, महिलाओं एवं बच्चों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया.
साथ ही पारंपरिक वाद्य यंत्र, अखाड़ा प्रदर्शन, धार्मिक झांकियां, भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ा एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से शोभायात्रा को आकर्षक स्वरूप देने पर चर्चा की गई. शहरवासियों से अपील की गई कि सभी श्रद्धालु अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर दीप प्रज्ज्वलित कर, भगवा ध्वज लगाकर एवं रंगोली सजाकर हिंदू नववर्ष का स्वागत करें. बैठक में शिवशंकर सिंह, अनिल सिंह, अप्पू तिवारी, चिंटू सिंह, भूपेंद्र सिंह, अमित अग्रवाल, पप्पू उपाध्याय, सतीश मुखी, प्रकाश दुबे, कुसुम पूर्ति सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे.