सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाने को जागरुक करेगा रथ
उपायुक्त ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
जमशेदपुर : राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा माह के शुभारंभ पर जिलेवासियों को यातायात नियमों एवं सडक़ सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से समाहरणालय परिसर से उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने सडक़ सुरक्षा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. मौके पर निदेशक एनईपी, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी, डीटीओ, एमवीआई व अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे. उपायुक्त ने कहा कि रथ का उद्देश्य आमजन को यातायात नियमों के पालन हेतु प्रेरित करना है. सडक़ सुरक्षा माह के दौरान जिले भर में विविध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और जानमाल की क्षति को रोका जा सके.
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सडक़ सुरक्षा को लेकर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिनका लाभ तभी संभव है जब नागरिक स्वयं नियमों का पालन करें. ज्ञात हो कि सडक़ सुरक्षा माह के तहत रैली, नुक्कड़ नाटक, निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता, सघन वाहन जांच सहित कई जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी. इस अभियान में शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस सहित विभिन्न विभागों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है. ग्रामीण, शहरी एवं पंचायत स्तर पर विशेष रूप से स्कूल के बच्चों के बीच भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
ऑडियो क्लिप के जरिये होगा प्रचार प्रसार
जागरूकता रथ के माध्यम से यातायात नियमों के सही अनुपालन से संबंधित दिशा-निर्देशों का ऑडियो क्लिप के जरिए प्रचार-प्रसार किया जाएगा. यह रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, दोपहिया वाहन पर दोनों सवारों के लिए हेलमेट की अनिवार्यता, नशे की हालत में वाहन न चलाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा अनावश्यक ओवरटेक से बचने के लिए जागरूक करेगा. उपायुक्त ने लोगों से अपील की कि सडक़ सुरक्षा को अपनी जिम्मेदारी समझें और यातायात नियमों का पालन कर स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें.
