सरायकेला पुलिस को बड़ी सफलता, अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, जमशेदपुर के बागबेड़ा निवासी तीन नाबालिग समेत पांच धाराए
Saraikela : झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस को चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह से जुड़े तीन नाबालिगों को भी निरुद्ध किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, वहीं नाबालिगों को रिमांड होम भेजा गया है।
बागबेड़ा क्षेत्र के दो शातिर अपराधी निकले गिरोह के मास्टरमाइंड
एसपी ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों और गहन जांच के आधार पर पुलिस ने इस कांड का खुलासा करते हुए जमशेदपुर के बागबेड़ा नया बस्ती निवासी सुजीत कुमार शर्मा उर्फ पुरी उर्फ कालू सरदार और सागर मुंडा (बागबेड़ा गुल्टू झोपड़ी निवासी) को गिरफ्तार किया। दोनों के साथ तीन विधि-विरुद्ध नाबालिगों को भी पकड़ा गया है। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने मिलकर ‘कालू सरदार गैंग’ नाम से एक गिरोह बनाया था, जिसका सरगना सुजीत कुमार शर्मा उर्फ कालू सरदार है।
चोरी के सामान बरामद, कई मामलों में संलिप्तता स्वीकारी
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के कई सामान बरामद किए हैं, इसमें चोरी के दो मोबाइल फोन, छह चाबियों का गुच्छा, चांदी की दो पायल, तीन हजार रुपये नकद, कैंची टाइप का लोहे का कटर मशीन, तीन लोहे के नट-बोल्ट, एक लोहे का सलाई रिंच, वादी का आधार कार्ड की फोटोकॉपी, दुकान से चुराया गया मोबाइल फोन शामिल है। पुलिस के अनुसार, गिरोह ने पूछताछ के दौरान कई अन्य चोरी की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
झारखंड और ओड़िशा में फैला था गिरोह का नेटवर्क
जांच में सामने आया है कि यह गिरोह पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर), सरायकेला-खरसावां, पश्चिम सिंहभूम और पड़ोसी राज्य ओड़िशा के मयूरभंज जिले में अलग-अलग स्थानों पर ताला तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलते रहते थे।
