October 19, 2025

गुरूजी शिबू सोरेन का अंतिम दर्शन के लिए हर खास और आम की भीड़, घर से विधानसभा और नेमरा गांव तक नम आंखों से लोगों ने अपने नेता को दी विदाई

Oplus_16908288

Oplus_16908288

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन की अंतिम यात्रा आज पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव नेमरा (रामगढ़) की ओर बढ़ी। रांची से लेकर गांव तक हज़ारों लोगों की आंखें नम थीं, जिन्होंने अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई दी।रांची के मोरहाबादी स्थित आवास पर सुबह से ही लोगों की भीड़ उमड़ने लगी थी। यहां पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, मंत्री सुदिव्य कुमार, लोकसभा सांसद पप्पू यादव, राज्यसभा सांसद संजय सिंह और पूर्व सांसद फुरकान अंसारी समेत कई प्रमुख नेताओं ने गुरूजी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इसके बाद पार्थिव शरीर को झारखंड विधानसभा लाया गया, जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम दर्शन की व्यवस्था की गई। विधानसभा परिसर में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो, केंद्र और राज्य सरकार के मंत्री, विधायक, पूर्व सांसद और विधानसभा सचिवालय के पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने पुष्प चक्र अर्पित कर दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।झारखंड विधानसभा से शव यात्रा जैसे ही नेमरा गांव के लिए रवाना हुई, रास्तेभर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।

हर मोड़, हर चौराहे पर आम जनों और समर्थकों ने नम आंखों से गुरूजी को नमन किया और उनकी अंतिम यात्रा में शामिल हुए।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं पूरे परिवार के साथ यात्रा में शामिल रहे। उनके साथ विधायक भाई बसंत सोरेन और विधायक पत्नी कल्पना सोरेन भी थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि “गुरूजी केवल एक राजनेता नहीं बल्कि झारखंडी अस्मिता के प्रतीक थे, उनकी कमी कभी पूरी नहीं हो सकेगी।”दिशोम गुरु शिबू सोरेन की अंतिम यात्रा ने झारखंड की भावनाओं को एक सूत्र में पिरो दिया, जहां राजनीति, सामाजिक भावना और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला।