सिख बच्चों का खेल प्रतियोगिता ‘होला मोहल्ला’ 1 मार्च को
मानगो गुरुद्वारा स्कूल ग्राउंड में होंगे विभिन्न आयोजन
जमशेदपुर : बाबा बंदा सिंह बहादुर गतका अखाड़ा और गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी, मानगो के तत्वावधान में आगामी 1 मार्च को मानगो गुरुद्वारा साहिब परिसर में ‘होला मोहल्ला’ के उपलक्ष्य में सिख बच्चों के लिए भव्य खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा. यह कार्यक्रम मानगो गुरुद्वारा स्कूल ग्राउंड में प्रात: 7 बजे से प्रारंभ होगा. खेल आयोजन के अंतर्गत 100 मीटर दौड़, स्पून एंड मार्बल रेस, स्किपिंग रेस, सैक रेस, शॉटपुट, पगड़ी एवं दुमाला प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता, रस्साकशी, दंड बैठक प्रतियोगिता सहित कई अन्य आकर्षक खेल और फन गेम्स शामिल है. प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 50 रुपये प्रति प्रतिभागी प्रवेश शुल्क निर्धारित किया गया है, जबकि पंजीकरण की अंतिम तिथि 28 फरवरी रखी गई है.
जसवंत सिंह जस्सू, मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियन गुरशरण सिंह, पत्रकार बलजीत संसोआ और सेंट्रल सिख नौजवान सभा के सुखवंत सिंह सुखु को खेलों का मेंटर बनाया गया है. खेल प्रतियोगिता के लिए सभी तैयारियां पूरी कर लीं गयीं हैं तथा सदस्यों द्वारा ‘होला मोहल्ला’ का पोस्टर भी जारी किया गया है. मानगो गुरुद्वारा साहिब के महासचिव जसवंत सिंह जस्सू ने कहा कि ‘होला मोहल्ला’ केवल एक पर्व मात्र नहीं, बल्कि सिख कौम की वीरता, अनुशासन और सामूहिक शक्ति का प्रतीक है. आयोजकों ने बताया कि प्रतिभागियों के लिए खेल पोशाक और स्पोर्ट्स शूज अनिवार्य रहेंगे. अधिक जानकारी के लिए 9939141513 और 9006174272 पर संपर्क कर सकते हैं.
