सिमडेगा के सामने जमशेदपुर टीम का ‘आत्मसमर्पण’
लोहरदगा के बलदेव सिंह साहू ग्राउंड में झारखंड इंटर डिस्ट्रिक्ट अंडर-23 क्रिकेट प्रतियोगिता
जमशेदपुर, 20 फरवरी : अपने पहले मैच में लातेहार जैसी अपेक्षाकृत कमजोर टीम से हारने के बाद आज जमशेदपुर की टीम ने झारखंड इंटर डिस्ट्रिक्ट अंडर 23 क्रिकेट प्रतियोगिता में सिमडेगा के सामने ‘सरेंडर’ कर दिया. लोहरदगा के बलदेव सिंह साहू ग्राउंड में हुए इस मैच में सिमडेगा की टीम ने एकतरफा मुकाबले में जमशेदपुर को 10 विकेट से रौंद डाला. पहले बल्लेबाजी करते हुए जमशेदपुर की टीम निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 221 रन बनाई तो जवाब में सिमडेगा की टीम 43वें ओवर में बगैर कोई विकेट खोए लक्ष्य हासिल कर लिया. सिमडेगा के दोनों सलामी बल्लेबाजों ने शतक ठोक कर जमशेदपुर के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दी. सचिन सोनकर ने 107 और सौरभ कुमार ने 106 रनों की शानदार पारी खेली. इस हार के साथ ही जमशेदपुर की टीम इस प्रतियोगिता से बाहर हो गई है.
वहीं अब जमशेदपुर की टीम पर प्लेट ग्रुप में उतरने का खतरा भी मंडराने लगा है. जमशेदपुर का अगला मैच लोहरदगा के साथ है और अगर इस मैच में टीम हार जाती है तो प्लेट ग्रुप में उतर जाएगी. बहरहाल इस हार ने जमशेदपुर क्रिकेट के लिए कई सवालिया निशान खड़े कर दिए है. चयन प्रक्रिया और कोच से लेकर क्रिकेट अकादमी तक सवालों के घेरे में आ गए है. कारण साफ है कि जो सुविधा जमशेदपुर में खिलाडिय़ों को मिलती है वह संभवत झारखंड के किसी जिले में उपलब्ध नहीं है. फिर लातेहार या सिमडेगा जैसे जिलों में तो मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं है. वहीं रणजी ट्रॉफी खेल चुके और रणजी टीम के कोच भी रह चुके खिलाड़ी इस टीम के कोच हैं. साथ ही सहायक कोच भी बेहद अनुभवी है. इसके बावजूद टीम का बेहद निराशाजनक प्रदर्शन समझ से परे है. आज के मैच में जमशेदपुर की ओर से दुर्गेश कुमार ने बल्लेबाजी करते हुए 58 और आयुष कुमार ने 53 रनों की पारी खेली जबकि अन्य बल्लेबाजों का प्रदर्शन बेहद औसत दर्जे का रहा.
वहीं बोकारो में खेले गए एक अन्य मैच में हजारीबाग और पश्चिम सिंहभूम बीच मैच ‘टाई’ पर समाप्त हुआ. पहले बल्लेबाजी करते हुए हजारीबाग की टीम सभी विकेट खोकर 223 रन बनाई तो जवाब में पश्चिम सिंहभूम की पूरी टीम भी 223 रनों पर आउट हो गई. इस मैच में एक समय पश्चिम सिंहभूम का स्कोर 8 विकेट के नुकसान पर 223 रन था लेकिन अंतिम दो विकेट इसी स्कोर पर गिरा और मैच टाई हो गया.
