गोविंदपुर में जलजमाव से बिगड़े हालात, जन सत्याग्रह में उतरे लोग
गोविंदपुर में लगातार हो रहे जलजमाव ने स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सड़कों पर पानी भरने से आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया है और लोग रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी परेशान हो रहे हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह के नेतृत्व में जनसत्याग्रह की शुरुआत की गई है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की ड्रेनेज व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है और जिम्मेदार विभागों द्वारा लगातार नजरअंदाजी की जा रही है।
जनसत्याग्रह स्थल पर बड़ी संख्या में लोग जुट रहे हैं। आंदोलन को मुखिया रणजीत सरदार, पंचायत समिति सदस्य सतवीर सिंह बग्गा, भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह, बिपिन सिंह, झामुमो के प्रकाश दूबे, संतोष कुमार, राजबान सिंह, बीरबल सोय, बीरू पिंगुआ, रामकिशन सुंडी, रम्य बनारा, सत्यजीत बनर्जी, संजय सिंह समेत अनेक स्थानीय नेताओं और ग्रामीणों का समर्थन मिल रहा है।
लोगों की मांग है कि जल्द से जल्द जलनिकासी की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि गोविंदपुरवासियों को इस भीषण परेशानी से राहत मिल सके। जनसत्याग्रह तब तक जारी रहेगा जब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाता।

