समाज में उत्कृष्ट सेवा देनेवाले 11 लोग होंगे सम्मानित
कांग्रेसी नेता अजय सिंह के जन्मदिन पर 31 को मनेगा ‘युवा शक्ति दिवस’
जमशेदपुर : शहर के कई युवाओं की टोली ने आगामी 31 जनवरी को पूर्व छात्र नेता सह कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अजय सिंह का जन्मदिन ‘युवा शक्ति दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है. आज बिस्टुपुर के एक होटल में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में आदित्यपुर निवासी दीपक महतो ने बताया कि हर वर्ष इस तिथि को उक्त दिवस मनाया जाता है.
उन्होंने बताया कि इस दौरान सैकड़ों युवा मोटर साईकिल जुलूस के रूप में आदित्यपुर एस टाईप से निकलकर बिष्टुपुर गोपाल मैदान गोलचक्कर होते हुए माइकल जॉन ऑडिटोरियम पहुंचेंगे. यहां अपराह्न 2 बजे से सभा होगी, जिसमें कई राजनेता व सामाजिक क्षेत्र के लोग शामिल होंगे. बाद में केक कटिंग कर खुशियां मनाई जाएगी. बताया कि आयोजन में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, कई विधायक एवं मंत्रीगण उपस्थित होंगे. साथ ही कार्यक्रम में 11 स्वास्थ्य कर्मी, सफाई कर्मचारी, आंगनबाड़ी सेविकाएं एवं उत्कृष्ट युवा को सम्मानित किया जायेगा. कार्यक्रम के माध्यम से युवा नशामुक्त समाज का संकल्प लेंगे. पत्रकार सम्मेलन में कुंदन राय, विशाल सिंह, इमरान, हिरदेश यादव, अशोक साह, आकाश यादव, विधान महतो, रामचन्द्र चाकी आदि मौजूद थे.
