संध्या सिंह को जीताने ‘एनडीए फोल्डर’ के नेता एक मंच पर
बुधवार को पूरे तामझाम के साथ करेंगी नामांकन : कहा, मानगो निवासी होने के नाते समस्याओं से हूं अवगत
जमशेदपुर : मानगो नगर निगम चुनाव के लिये एनडीए समर्थित प्रत्याशी सह भाजपा नेता नीरज सिंह की धर्मपत्नी संध्या सिंह ने कहा कि वे मानगो की बेटी और बहू हैं, इसलिये मानगो की समस्याओं से अवगत हैं. वे अगर इस पद पर जीत दर्ज करेंगी तो इन समस्याओं को दूर करने का प्रयास करेंगी. वे आज साकची के एक होटल में पत्रकार सम्मेलन में बोल रही थीं. प्रेस वार्ता में एनडीए फोल्डर के भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, जदयू के जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, नगर अध्यक्ष अजय कुमार, आजसू पार्टी के जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह, लोजपा के जिलाध्यक्ष सतीश कुमार सहित भाजपा व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक नीरज सिंह मौजूद थे. घटक दल के सभी नेताओं ने एक स्वर में मानगो नगर निगम चुनाव में मेयर पद के लिए संध्या सिंह को समर्थन देने की घोषणा की.
उन्होंने बताया कि वे कल, बुधवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगी. पूर्वाह्न 10.30 बजे कार्यकर्ताओं के साथ साकची आमबगान से जुलूस के शक्ल में निकलकर उपायुक्त कार्यालय जाएंगी. जीत के बाद उनकी प्राथमिकता शिक्षा के क्षेत्र में मानगो में शैक्षणिक संस्थान, महिलाओं के लिये सुरक्षा सर्वोपरि सहित पानी, बिजली आदि समस्या को दूर करना है.
नीरज सिंह ने कहा कि मानगोवासियों का दर्द जानने के लिये मानवो निवासी होना जरुरी है. सिर्फ वोट खरीदने का सपना देखनेवाले कभी भी उनकी समस्या नहीं जान सकता है.
