February 11, 2026

सोनारी दोमुहानी का पार्क जनता को समर्पित, फव्वारा खींच रहा ध्यान

IMG-20251228-WA0006

सांसद विद्युत महतो व विधायक सरयू राय ने किया उद्घाटन

जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा के विधायक सरयू राय एवं सांसद बिद्युत वरण महतो ने सोनारी, दोमुहानी में पार्किंग सहित पार्क का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया. इसका निर्माण 5 करोड़ 18 लाख से अधिक की लागत से हुआ है. इसके अतिरिक्त विधायक सरयू राय ने इसका सौंदर्यीकरण कार्य के लिए अपने विधायक निधि से लगभग 30 लाख रुपए की राशि प्रदान की है. उद्घाटन के अवसर पर श्री राय ने कहा कि इस पार्क का निर्माण उनके विधायक रहने के दौरान वर्ष 2017-18 शुरू हुआ था और इसका निर्माण कार्य पूरा होने को था लेकिन वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में जमशेदपुर पूर्वी से विधायक चुन लिए जाने के बाद यहां के विधायक ने इस पार्क पर कोई ध्यान नहीं दिया और पार्क का निर्माण कार्य ज्यों का त्यों पड़ा रहा. इसकारण गत पांच वर्षों में यह जंगल झाड़ बन गया और इसके कई ढांचे टूट गये. जमशेदपुर पश्चिम से पुन: विधायक बनने के बाद उन्होंने जमशेदपुर अक्षेस का ध्यान इस ओर दिलाया. जो भी ढांचा टूट फूट गयी थी, उसे विधायक निधि राशि देकर ठीक कराया. श्री राय ने कहा कि इस पार्क के निर्माण में 15वीं वित्त आयोग के साथ ही इसके निर्माण में उनके विधायक निधि का भी योगदान रहा है.
श्री राय ने कहा कि आज इसका लोकार्पण तो गया लेकिन भविष्य में निरंतर इसका आनंद नागरिक तभी उठा पाएंगे जब इसका रख-रखाव सही से हो. उन्होंने कहा कि रख रखाव नहीं होने के कारण जमशेदपुर अक्षेस द्वारा बनाए गए कई पार्क खराब हो जाते हैं जिसके सौंदर्यीकरण के लिए बार बार सरकारी धन का प्रयोग होता है. उद्घाटन के अवसर पर सांसद प्रतिनिधि संजीव कुमार, जमशेदपुर पश्चिम के जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा, पश्चिम के सांसद प्रतिनिधि चितरंजन वर्मा, जमशेदपुर अक्षेस के उप नगर आयुक्त, विशेष पदाधिकारी, सिटी मैनेजर, सहायक एवं कनीय अभियंता, जदयू सोनारी के मंडल अध्यक्ष चुन्नु भूमिज, भाजपा सोनारी के मंडल अध्यक्ष प्रशांत पोद्दार, नीरज सिंह, नीरू सिंह, राघवेन्द्र प्रताप सिंह, तारक मुखर्जी, भीम सिंह, विवेक पांडेय, महेन्द्र यादव, अतुल सिंह, प्रदीप सिंह, संजय रजक, बिनोद सिंह सहित अन्य मौजूद थे.

जुस्को की तर्ज पर जेएनएसी बनाएं पार्क एंड गार्डेन विभाग

श्री राय ने सुझाव दिया कि पार्कों का बेहतर रख रखाव के लिए जुस्को की तर्ज पर जमशेदपुर अक्षेस को पार्क एण्ड गार्डेन के लिए एक विभाग बनानी चाहिए और बजट में भी इसका प्रावधान करना चाहिए. पार्कों से राजस्व भी प्राप्त हो इसकी भी व्यवस्था बनानी चाहिए. पार्क का रख-रखाव यदि जमशेदपुर अक्षेस स्वयं नहीं कर सकता तो नियम कानून के तहत किसी अन्य एजेंसी को इसका जिम्मा दिया जाना चाहिए. लोग यहां टहलने एवं मनोरंजन के लिए आएं इसके अतिरिक्त इसकी उपयोगिता बढ़ाने पर ध्यान दिया जाना चाहिए.