February 11, 2026

सोनारी : कलश यात्रा कल, 108 महिलाएं होंगी शामिल

IMG-20251220-WA0005

दोमुहानी कैलाशनगर में श्रीराम कथा विश्व शांति ज्ञान यज्ञ 21 से 29 तक, अंतिम दिन होगा विशाल भंडारा

जमशेदपुर : सोनारी दोमुहानी स्थित गीता भवन में नौ दिवसीय श्रीराम कथा विश्व शांति ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ कल, रविवार 21 दिसंबर को पंचांग पूजन व कलश यात्रा के साथ होगी. अंतिम दिन, 29 दिसंबर को पूजन, यज्ञ के बाद विशाल भंडारा का आयोजन होगा. उक्त जानकारी आज आयोजन स्थल में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में महायोगेश्वरी माता मुनिषा देवी व आचार्य रविकांत वत्स, जमुना किनारेवाले (हरियाणा) ने दी. यहां रोजाना श्री वत्स अपने कथावाचन से प्रभु श्रीराम की विभिन्न लीलाओं का दर्शन कराएंगे.
आचार्य ने बताया कि उक्त ज्ञान यज्ञ के प्रथम दिन पूर्वाह्न 9 बजे से पंचांग पूजन के बाद आश्रम से दोमुहानी के लिए कलश यात्रा निकलेगी. इसमें 108 महिलाएं सिर पर कलश लेकर गाजे-बाजे व घोड़े व रथ के साथ शामिल होंगे. कलश यात्रा में शहरवासियों को भगवान राम परिवार की झांकी के दर्शन होंगे. भक्तगण दोमुहानी से जल भरकर मरीन ड्राइव से भूतनाथ मंदिर, एरोड्राम, सोनारी राम मंदिर होते हुए वापस आश्रम पहुंचेगी. इसके बाद प्रत्येक दिन सुबह रुद्राभिषेक का आयोजन होगा जबकि अपराह्न 3 से शाम 6 बजे तक भगवान श्रीराम की विभिन्न लीलाओं का दर्शन कथा के माध्यम से श्रोताओं को कराया जाएगा.
माता मुनिषा ने बताया कि विश्व के कल्याण के लिए यह ज्ञान यज्ञ कराया जा रहा है. मनुष्य का जीवन बेहद पुण्य से मिलता है जो सबसे उत्तम होता है लेकिन दैनिक कर्म में फंस कर मनुष्य दुख से घिर गया है. भगवान राम ने भौतिकवाद का त्याग कर आध्यात्म की राह चुनी और मर्यादा पुरुषोत्तम बनकर बुराई रूपी रावण का नाश कर अच्छाई की स्थापना की. इसलिए विश्व शांति के लिए यह ज्ञान यज्ञ कराया जा रहा है ताकि मनुष्य केवल कथा सुनकर उसका अनुसरण करें जिसमें जीवन को जीने का सहीं मंत्र बताया गया है.