स्थापना दिवस पर कई शिक्षक व कर्मचारियों को मिला सम्मान
करीम सिटी कॉलेज
जमशेदपुर : करीम सिटी कॉलेज, साकची परिसर में संस्था के संस्थापक स्व. सैयद तफज्जुल करीम की पुण्यतिथि पर संस्थापक दिवस के नाम से भव्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ जिसमें सैयद अशफाक करीम (ट्रस्टी करीम्स ट्रस्ट, जमशेदपुर), सैयद मंसूर अली (अध्यक्ष सेंट्रल करमिया मिडिल स्कूल एवं हाई स्कूल+2) विशेष रूप से सम्मिलित हुए. करीम ट्रस्ट के अधीन चलने वाले सभी शिक्षक संस्थानों की तरफ से अपने संस्थापक तथा संस्था के प्रति श्रद्धा अर्पित की गई एवं ट्रस्टी के समक्ष पूरे साल की गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत की गई.
मिडिल स्कूल की प्रधानाध्यापिका तलत बानो, हाई स्कूल की प्रधानाध्यापिका वहीदा तबस्सुम तथा कॉलेज के प्राचार्य डॉ मोहम्मद रेयाज ने बारी-बारी से साल भर की गतिविधियां एवं उपलब्धियां प्रस्तुत की. ट्रस्टी सैयद अशफाक करीम ने सभा को संबोधित किया. उन्होंने ट्रस्ट की संस्थाओं को बधाई दी एवं संस्था के प्रति अपने सपनों तथा उद्देश्यों का वर्णन किया. उन्होंने कहा कि हमारी नजर इस बात पर है कि हम कहां थे, कहां हैं, और हमें कहां जाना है.
डायरेक्टर एजुकेशन एवं सेक्रेटरी करीम सिटी कॉलेज डॉ मोहम्मद जकरिया एवं सैयद मंसूर अली ने भी सभा को संबोधित किया. अंत में विभिन्न कार्यक्रमों के विजेता छात्र-छात्राओं तथा विशेष उपलब्धियां प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया. इस अवसर पर 25 वर्ष सेवा पूरे करने वाले शिक्षकों तथा कर्मचारी को भी उपहार देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम का संचालन अंग्रेजी विभाग के अध्यक्ष डॉ एसएम यहिया इब्राहीम ने किया. कार्यक्रम के अंत में कॉलेज तराना सामूहिक रूप से गाया गया एवं राष्ट्रगान गाकर सभा की समाप्ति की गई.
