March 13, 2026

सुदर्शनाचार्य महाराज ने बच्चों को संस्कारी व सदाचारी बनाने को किया प्रेरित

IMG-20260311-WA0021

बिष्टुपुर में शिव महापुराण कथा के दूसरे दिन कथावाचक ने कई प्रसंग का किया वर्णन

जमशेदपुर : बिष्टुपुर सत्यनारायण श्याम मारवाड़ी मंदिर में चल रहे सात दिवसीय शिव महापुराण कथा के दूसरे दिन बुधवार को चित्रकुट के प्रसिद्ध कथावाचक स्वामी सुदर्शनाचार्य महाराज ने नारद मोह, सृष्टि वर्णन, धनवति कुबेर परिचय, गंगा अवतरण, समुद्र मंथन, नारी धर्म, अर्धनारीश्वर कथा का प्रसंग सुनाते हुए बच्चों को संस्कारित और सदाचारी बनाने के लिए प्रेरित किया. कहा कि मानव जीवन के कल्याण के लिए शिव पुराण में नारद भक्ति क्रमशः श्रवण, कीर्तन, स्मरण, वंदना, पूजन और आत्म निवेदन का मार्ग है. शिव भक्ति से जीवन में यश, बल, बुद्धि, विद्या और दीर्घ आयु के साथ ही सुख समृद्धि भी प्राप्ति होती है. धनवति कुबेर परिचय का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि अनजाने में की गई शिव भक्ति भी पापों का नाश कर मनुष्य को ऐश्वर्य और भगवान के करीब ला सकती है.
उन्होंने कहा कि शिव महापुराण में नारी धर्म के अंतर्गत पतिव्रता धर्म, सदाचार और भक्ति को सर्वाेच्च बताया गया है. कथाओं में पार्वती जी का कठोर तप, सती द्वारा पति सम्मान की रक्षा और चंचुला की कहानी प्रमुख है, जो सिखाती है कि मन-वचन से पति के प्रति समर्पण, तीर्थ सेवा, और शिव भक्ति ही नारी का सच्चा धर्म है, जो मोक्ष का मार्ग प्रशस्त करता है. सृष्टि वर्णन की कथा सुनाते हुए महाराज ने कहा कि भगवान शिव की माया से प्रकृति (शक्ति) और काल के संयोग से सृष्टि का सृजन, पालन एवं संहार होता है. कथावाचक ने कहा कि नारद मोह का प्रसंग अहंकार के विनाश और भगवान की माया के अधीन सभी के होने का पाठ पढ़ाता है. इसका आयोजन धार्मिक संस्था मित्र कांवड संघ टाटानगर द्धारा किया जा रहा है.

● कल सुनाएंगे शिव विवाह उत्सव कथा का प्रसंग
कल, गुरुवार को तीसरे दिन कथावाचक सती चरित्र, पार्वती जन्म, शिव विवाह उत्सव कथा का प्रसंग सुनाएगें. आज के मुख्य यजमान पुष्पा देवी-रामा कांत साह और अंचल-मनीष कश्यप थे. आज सुबह 7 से 10 बजे तक संस्था से जुड़े 11 जोड़ो ने पूजा करायी. इस मौके पर महेश कश्यप, पवन प्रसाद, विमल अग्रवाल, गौतम सरायवाला, राहुल अग्रवाल, संकटा सिंह सहित काफी संख्या में भक्तगण शामिल थे. शिवकथा का प्रवचन प्रतिदिन अपरान्ह 3 से शाम 6 बजे तक हो रहा है.

You may have missed