March 17, 2026

तालाबों में भरा जाएगा साफ पानी, मंदिर की होगी सजावट

IMG-20260316-WA0009

22 से 25 तक चैती छठ, सिदगोड़ा सूर्य मंदिर में तैयारी शुरु

जमशेदपुर : आगामी चैती छठ पूजा को लेकर सिदगोड़ा सूर्य मंदिर समिति ने तैयारियां शुरू कर दी है. इस बार चार दिवसीय चैती छठ 22 से 25 मार्च तक है. पर्व की शुरुआत नहाय खाय से होगी और उषा अघ्र्य के साथ समापन होगा. सोमवार को सूर्य मंदिर समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह की अध्यक्षता में चैती छठ पूजा की सफलता को लेकर बैठक हुई. इस अवसर पर सूर्य मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास भी मौजूद रहे.
श्री सिंह ने बताया कि पूजा के दौरान छठ व्रतियों के लिए स्वच्छता और सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा. मंदिर परिसर स्थित दोनों तालाबों की सफाई कर उनमें स्वच्छ और निर्मल जल भरा जाएगा. साथ ही पूरे मंदिर परिसर लाइट व फूलों से आकर्षक तरीके से सजाया जाएगा. पूजा के दौरान व्रतधारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सेवा शिविर का भी लगाये जाएंगे. यहां 25 मार्च को सुबह अघ्र्य के लिए गाय का दूध, अगरबत्ती, चाय व अन्य सामग्री की व्यवस्था की जाएगी. इसके पूर्व 24 मार्च को संध्या अघ्र्य के दिन शीतल पेय शर्बत का वितरण किया जाएगा.

समिति के सदस्य संभालेंगे सुरक्षा का जिम्मा
श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए मंदिर समिति द्वारा सुरक्षा के उचित इंतजाम किए जाएंगे. घाट पर ‘पहले आओ-पहले पाओ’ की तर्ज पर श्रद्धालु भगवान भास्कर को अघ्र्य अर्पित करेंगे. इसके लिए 24 मार्च को अपराह्न 2 बजे सूर्य मंदिर परिसर के दोनों तालाबों का प्रवेश द्वार खोला जाएगा. बैठक में अमरजीत सिंह राजा, सुशांत पांडा, शैलेश गुप्ता, शशिकांत सिंह, बंटी अग्रवाल, कृष्णमोहन सिंह, कंचन दत्ता, प्रेम झा, प्रमोद मिश्रा समेत अन्य उपस्थित थे.