टाटा ओपन गोल्फ टूर्नामेंट कल से, 2 करोड़ होगी ईनाम राशि
बेल्डीह व गोलमुरी गोल्फ कोर्स में होगी जोर आजमाइश, 126 खिलाड़ी ले रहे भाग
जमशेदपुर : टाटा स्टील और प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (पीजीटीआई) ने टाटा ओपन गोल्फ टूर्नामेंट की घोषणा की, जो कल, 25 से 28 दिसंबर 2025 तक जमशेदपुर में आयोजित किया जाएगा. यह चार दिवसीय टूर्नामेंट बेल्डीह और गोलमुरी गोल्फ कोर्स में खेला जाएगा. इस कार्यक्रम में 2 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि है और यह 2025 पीजीटीआई सीजऩ की अंतिम कड़ी का हिस्सा है. बताया कि इस टूर्नामेंट में कुल 126 पेशेवर खिलाड़ी भाग लेंगे. यह इवेंट स्ट्रोक-प्ले फॉर्मेट में आयोजित होगा, जिसमें चार राउंड होंगे और प्रत्येक राउंड में 18-18 होल खेले जाएंगे. दो राउंड के बाद शीर्ष 50 खिलाड़ी और उनके बराबर स्कोरवाले खिलाड़ी अगले चरण के लिए चयनित होंगे. उक्त जानकारी बेल्डीह क्लब में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में टाटा स्टील कॉरपोरेट सर्विसेज़ के वाईस प्रेसिडेंट और जमशेदपुर गोल्फ कैप्टन डी. बी. सुंदरा रामम ने दी.
उन्होंने बताया कि इस इवेंट का फॉर्मेट में पहले राउंड में खिलाडिय़ों का आधा समूह बेल्डीह गोल्फ क्लब में 18 होल खेलेगा, जबकि बाकी आधा समूह गोलमुरी गोल्फ क्लब में अपने 18 होल खेलेगा. दूसरे राउंड में दोनों समूह अपनी-अपनी लोकेशन बदलेंगे (जो राउंड एक में बेल्डीह में खेले थे, वे गोलमुरी में 18 होल खेलेंगे और जो गोलमुरी में थे, वे बेल्डीह में खेलेंगे). तीसरे और चौथे राउंड में कट के बाद अग्रणी समूह गोलमुरी से टी-ऑफ करेंगे और पहले नौ होल गोलमुरी में खेलेंगे, उसके बाद बचे हुए नौ होल बेल्डीह में खेलेंगे.
देश-विदेश के कई खिलाड़ी करेंगे शिरकत
उन्होंने बताया कि उक्त टूर्नामेंट में देश के कुछ प्रमुख पेशेवर खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिनमें 2025 पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट चैंपियन युवराज संधू, 2024 पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट चैंपियन वीर अहलावत, शौर्य भट्टाचार्य, अर्जुन प्रसाद, मनु गंडास, अंगद चीमा, ओम प्रकाश चौहान (पूर्व चैंपियन), अजीतेश संधू, राशिद खान, खालिन जोशी और चिक्करंगप्पा जैसे नाम शामिल है.
टूर्नामेंट में शीर्ष विदेशी खिलाड़ी भी शामिल होंगे, जिसमें श्रीलंका के एन थंगराजा और मिथुन परेरा (पूर्व चैंपियन), बांग्लादेश के मो सिद्दिकुर रहमान और जमाल हुसैन, चेक गणराज्य के स्टेपन डानेक, अमेरिका के कोइचिरो सतो, नेपाल के सुभाष तामांग और युगांडा के जोशुआ सील आदि शामिल है. ओम प्रकाश चौहान और मिथुन परेरा के अलावा, इस टूर्नामेंट में अन्य पूर्व टाटा ओपन विजेता मुकेश कुमार, शमीम खान और गुरकी शेरगिल भी शामिल हैं. स्थानीय चुनौती का नेतृत्व पेशेवर खिलाड़ी कुरुश हीरजी करेंगे.
