थानेदार को बर्खास्त कर दर्ज करें हत्या का मुकदमा
जीत महतो की पुलिस हिरासत में मौत का मामला : परिजनों से मिलकर अर्जुन मुंडा ने ली जानकारी
जमशेदपुर : मानगो के गोकुलनगर बस्ती निवासी जीत महतो की पुलिस हिरासत में हुई मौत के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के नेतृत्व में भाजपा महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा के संग पार्टी का शिष्टमंडल गोकुलनगर पहुंचा और पीडि़त परिवार से मुलाकात की. श्री मुंडा ने परिजनों से विस्तारपूर्वक बात की और घटनाक्रम की जानकारी ली. परिजनों का आरोप है कि गिरफ्तारी के बाद दो दिनों तक उन्हें जीत महतो से मिलने तक नहीं दिया गया. इस दौरान उसकी गर्भवती पत्नी ने एक बच्ची को जन्म दिया, जो जन्म लेते ही अपने पिता का साया खो बैठी है.
श्री मुंडा ने इसे मानवता को शर्मसार करनेवाली घटना बताया. उन्होंने कहा कि पुलिस हिरासत में किसी भी व्यक्ति की मौत सीधे तौर पर शासन और पुलिस प्रशासन की विफलता है. उन्होंने मांग की कि इस मामले की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच हो, एमजीएम थाना प्रभारी को अविलंब बर्खास्त किया जाए और उन पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए. वहीं सुधांशु ओझा ने जिला प्रशासन को 24 घंटे की चेतावनी देते हुए कहा कि यदि थाना प्रभारी समेत सभी दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी उग्र आंदोलन करेगी. इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष राजकुमार श्रीवास्तव, बिनोद सिंह, नीरज सिंह, संजीव सिन्हा, बबुआ सिंह, राजीव सिंह, संजीव सिंह, विजय तिवारी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे.
