रायरंगपुर में बीजू जनता दल का 29वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया
रायरंगपुर | रायरंगपुर के बीजू पटनायक चौक पर आज बीजू जनता दल (BJD) का 29वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ओडिशा के महान नेता स्वर्गीय बीजू पटनायक की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई, जिसके बाद एक जनसभा का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम रायरंगपुर नगर निगम के मेयर एवं नगरपाल अभिषेक पटनायक की देखरेख में संपन्न हुआ। जनसभा में पूर्व विधायक साईबाबा सुशील हांसदा, रायसेन मुर्मू, धलमन बाला सुशांत कुमार चौधरी, रतनंत पारीक तथा डिप्टी मेयर ममिता चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने अपने संबोधन में बीजू पटनायक के सिद्धांतों और आदर्शों को याद करते हुए नवीन पटनायक के नेतृत्व में बीजू जनता दल द्वारा ओडिशा में किए गए विकास कार्यों की सराहना की।

वक्ताओं ने कहा कि बीजू जनता दल ने वर्षों तक राज्य में सुशासन देकर ओडिशा को विकास की नई दिशा दी है और आज भी यह पार्टी जनता के दिलों में नंबर-वन बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनाव के दौरान झूठे वादों के सहारे सत्ता हासिल की है। वक्ताओं ने यह भी कहा कि पार्टी सुप्रीमो नवीन पटनायक के नेतृत्व में बीजू जनता दल का हर कार्यकर्ता पिछले 29 वर्षों से पूरी निष्ठा के साथ जनता की सेवा करता आ रहा है। पार्टी बीजू पटनायक के नाम, आदर्शों और सिद्धांतों पर आधारित है और आगे भी इसी राह पर चलती रहेगी।सभा में मौजूद नेताओं ने विश्वास जताया कि आने वाले चुनावों में बीजू जनता दल दोबारा सत्ता में लौटेगा और नवीन पटनायक फिर से ओडिशा के मुख्यमंत्री बनेंगे। पार्टी के 29वें वर्ष में प्रवेश पर उन्होंने आंदोलन को और तेज करने का संकल्प लिया।इस अवसर पर पार्टी के सभी वार्ड पार्षदों के साथ-साथ युवा, छात्र, महिला कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में पार्टी समर्थक मौजूद रहे।

