ठंड से बचाव के लिये जगह-जगह जलाए जा रहे अलाव
जमशेदपुर : जिले में लगातार बढ़ती ठंड एवं ठिठुरन को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं. उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार नगर निकायों एवं प्रखंड क्षेत्रों के प्रमुख चौक-चौराहों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि राहगीरों को ठंड से राहत मिल सके. उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों एवं नगर निकायों के पदाधिकारी को निर्देश दिया है कि अलाव की व्यवस्था नियमित रूप से की जाए तथा जरूरतमंद लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए. सडक़ किनारे सोनेवाले लोगों को आश्रयघरों में जगह उपलब्ध कराने, कंबल वितरण का भी निर्देश दिया गया है. जिलेवासियों से अपील की है कि ठंड के दौरान आवश्यक सावधानियां अवश्य बरतें. अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त गर्म कपड़ों का उपयोग करें तथा विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों एवं असहाय व्यक्तियों का ध्यान रखें.
‘सुशासन सप्ताह-प्रशासन गांव की ओर’ हेतु प्रखंडवार तिथि तय
जमशेदपुर : राज्य सरकार के निर्देशानुसार 19 दिसम्बर से 25 दिसम्बर, 2025 तक ‘सुशासन सप्ताह-प्रशासन गांव की ओर 2025’ मनाने के निमित्त जिला के सभी प्रखंडों में विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है. उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी द्वारा प्रखंडवार तिथि निर्धारित करते हुए शिविर के सफल संचालन हेतु सभी प्रखंड में वरीय पदाधिकारी एवं सहयोगी पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है.
सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि कार्यक्रम के संचालन हेतु निर्धारित तिथि को आहूत विशेष शिविर में निम्नांकित गतिविधियों की जायेगी. इसमें लम्बित जन शिकायतों का स्थल पर ही निवारण, प्रमाण-पत्र, सामाजिक सुरक्षा, राजस्व, सार्वजनिक वितरण, वृद्धावस्था/विधवा पेंशन ईत्यादि सेवाओं का तत्काल निष्पादन व नागरिक सेवाओं की ऑनलाईन प्रविष्टियां शामिल है. बताया गया कि 22 दिसंबर को धालभूमगढ़, डुमरिया, गुड़ाबांदा, 23 दिसंबर को बोड़ाम, घाटशिला, पटमदा, 24 दिसंबर को बहरागोड़ा, चाकुलिया, जमशेदपुर, मुसाबनी एवं पोटका प्रखंड में शिविर आयोजित होंगे. लोगों से अपील की गई कि निर्धारित तिथि को अपने प्रखंड के शिविर में शामिल होकर सेवाओं का लाभ उठाएं.
चार प्रखंडों में विशेष केसीसी शिविर 22-23 को
जमशेदपुर : राज्य सरकार के निर्देशानुसार 20 दिसंबर, 2025 से 20 जनवरी, 2026 तक सभी प्रखंडों में एक माह का विशेष किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) प्रखंडस्तरीय अभियान संचालित किया जा रहा है. अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र किसानों से केसीसी आवेदन सृजित करना तथा प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध एवं त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करना है. इस क्रम में जिले में आगामी 22 दिसंबर को बोड़ाम एवं पटमदा प्रखंड तथा 23 दिसंबर को मुसाबनी एवं डुमरिया प्रखंड में विशेष केसीसी शिविर आयोजित किए जाएंगे. उक्त शिविरों में संबंधित प्रखंडों में स्थित सभी बैंक शाखाएं भाग लेंगी एवं किसानों से केसीसी आवेदन प्राप्त कर समयबद्ध एवं त्वरित निष्पादन करेंगी. किसानों से अपील की गई है कि वे इन शिविरों में अधिक से अधिक की संख्या में उपस्थित होकर अभियान का लाभ उठाएं.
