March 7, 2026

UPSC Result 2025 : गम्हरिया के आयुष कुमार ने यूट्यूब व डिजिटल स्टडी मैटेरियल से रचा इतिहास, AIR 143 के साथ बने कोल्हान टॉपर

IMG_20260307_015343
  • टायो कॉलोनी से निकलकर देश की सबसे कठिन परीक्षा में हासिल की सफलता
  • टायो कॉलोनी से निकलकर देश की सबसे कठिन परीक्षा में हासिल की सफलता

Gamharia/Saraikela/Jharkhand : संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम में झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया निवासी आयुष कुमार ने शानदार सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। आयुष कुमार ने ऑल इंडिया रैंक 143 प्राप्त करते हुए न केवल अपने जिला, बल्कि पूरे कोल्हान प्रमंडल का टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है।

परिणाम घोषित होते ही गम्हरिया की टायो कॉलोनी स्थित उनके आवास पर खुशी और जश्न का माहौल देखने को मिला। परिवार, मित्रों और स्थानीय लोगों ने आयुष को मिठाई खिलाकर उनकी इस बड़ी उपलब्धि का जश्न मनाया।

सीमित संसाधनों में हासिल की बड़ी सफलता

आयुष कुमार की सफलता इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि उन्होंने बिना किसी महंगी कोचिंग संस्थान का सहारा लिए यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। उन्होंने अपनी तैयारी के दौरान मुख्य रूप से यूट्यूब, ऑनलाइन लेक्चर और डिजिटल स्टडी मटेरियल का उपयोग किया।

आयुष का कहना है कि अगर सही रणनीति, अनुशासन और निरंतर मेहनत हो तो सीमित संसाधनों के बावजूद भी कोई भी छात्र अपने लक्ष्य को हासिल कर सकता है।

छोटे शहर से बड़ी उड़ान

गम्हरिया जैसे अपेक्षाकृत छोटे शहर से निकलकर देश की सबसे कठिन और प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल करना आयुष कुमार की कड़ी मेहनत, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प को दर्शाता है। उनकी यह उपलब्धि उन हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है जो छोटे शहरों और सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने का साहस रखते हैं।

बधाइयों का लगा तांता

यूपीएससी का परिणाम घोषित होने के बाद से ही आयुष कुमार को लगातार बधाइयों का सिलसिला जारी है। उनके परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों के साथ-साथ क्षेत्र के सामाजिक और राजनीतिक लोगों ने भी उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

आयुष की इस सफलता से न केवल उनके परिवार में खुशी का माहौल है बल्कि पूरे सरायकेला-खरसावां जिले और कोल्हान क्षेत्र के लिए भी यह गर्व का क्षण बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आयुष की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।

Also Read : UPSC Result 2025 : झारखंड की बेटियों का शानदार प्रदर्शन, सुदीपा दत्ता बनीं स्टेट टॉपर, गम्हरिया के आयुष कुमार कोल्हान में अव्वल

You may have missed