February 11, 2026

उठने लगे सवाल : कैरव के अपहरण में अंतर्राष्ट्रीय गिरोह का हाथ!

IMG-20260114-WA0062

विदेश से फोन आने की सूचना से तरह-तरह की बातें, जांच एजेंसी भी सतर्क

जमशेदपुर : एसिया के उपाध्यक्ष सह शहर के प्रख्यात कारोबारी देवांग गांधी के पुत्र कैरव गांधी के अपहरण के बाद इस बात पर चर्चा शुरु हो गई है कि क्या इसके पीछे किसी अंतर्राष्ट्रीय गिरोह का हाथ है? इस सवाल को तब और बल मिला, जब देवांग के मोबाइल पर इंडोनेशिया से एक-दो बार नहीं, बल्कि कई बाल फोन और मैसेज आये. इस बात का जिक्र करते हुए स्वयं देवांग ने थाना में शिकायत दर्ज की है. इसके बाद पुलिस सहित जांच एजेंसियों के भी कान खड़े हो गये हैं और हर एंगेल से जांच की जा रही है. लोग यह बात सोचने पर मजबूर हो गई कि क्या कोई माफिया या डॉन विदेश में बैठकर अपनी चाल चल रहा है और फिरौती के लिये किसी स्थानीय बदमाशों से व्यापारी पुत्र का अपहरण करवाया.
मिली जानकारी के अनुसार कॉल करने वाले ने खुद को अपहरणकर्ता बताते हुए देवांग गांधी के पुत्र कैरव गांधी के अपहरण का दावा किया और 5 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग कर दी. जानकारी के अनुसार, देवांग गांधी के मोबाइल पर +62 83194765544 नंबर से फोन और मैसेज आया, जिसमें स्पष्ट रूप से कहा गया कि यदि 5 करोड़ रुपये नहीं दिए गए तो कैरव गांधी को मार दिया जाएगा. विदेशी नंबर से आई इस धमकी के बाद परिजन पूरी तरह सहम गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी.
सूत्रों का दावा है कि कैरव गांधी को स्कॉर्पियो वाहन से अगवा किया गया है. हालांकि पुलिस अभी इस दावे की हर एंगल से जांच कर रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई भी शुरू कर दी है. इस हाई-प्रोफाइल मामले में वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया है. पुलिस की 7 टीमें बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. साथ ही कॉल डिटेल्स, लोकेशन और साइबर एंगल से भी जांच तेज कर दी गई है.
इस मामले में बिष्टुपुर थाना में अज्ञात अपराधियों और उक्त इंडोनेशियाई नंबर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस साइबर सेल की मदद से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कॉल वास्तव में विदेश से आया है या फिर किसी तकनीकी माध्यम से विदेशी नंबर का इस्तेमाल किया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर लिया जाएगा.