वैज्ञानिक व शोधकर्ताओं ने प्रस्तुत किया व्याख्यान
बीआईटी मेसरा में दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का समापन
रांची : बीआईटी मेसरा एवं एआईसीजीजी के संयुक्त तत्वावधान में ऑर्गेनिज्मल एनवायरनमेंटल जीनोमिक्स विषय पर दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन 5-6 जनवरी को किया गया, जिसमें देश-विदेश के अनेक प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं ने प्रत्यक्ष एवं ऑनलाइन माध्यम से सहभागिता की और अपने-अपने विशेषज्ञता क्षेत्रों पर व्याख्यान प्रस्तुत किया. उद्घाटन सत्र में प्रो. शर्मीली बापट मुख्य अतिथि थीं. उन्होंने शोध कार्यों के माध्यम से प्रतिभागियों को संबोधित किया. इस अवसर पर बीआईटी मेसरा के कुलपति प्रो. आई. मन्ना तथा एआईसीजीजी के अध्यक्ष प्रो. पार्थ प्रतिम मजूमदार भी उपस्थित रहे और उन्होंने सम्मेलन की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं दी.
दो दिवसीय सम्मेलन को जीनोमिक्स, जेनेटिक्स, फार्मेसी एवं पर्यावरण जैसे विषयों को चार तकनीकी सत्रों में विभाजित किया गया था, जिनमें वैज्ञानिक चर्चा एवं शोध प्रस्तुतियां हुईं. समापन सत्र की अध्यक्षता बायोटेक विभाग के प्रमुख प्रो. कुणाल मुखोपाध्याय एवं प्रवेश, मान्यता एवं समन्वय के डीन डॉ. मनीष कुमार ने की. इस दौरान उत्कृष्ट पोस्टर एवं मौखिक प्रस्तुतियों के लिए प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम के दौरान प्रो. अरुण के. शर्मा की स्मृति में डॉ. सुचित्रा बनर्जी (सीएमएपी, लखनऊ) ने अपने विचार साझा किए, जबकि प्रो. जी के मन्ना की स्मृति में प्रो. उषा विजयराघवन (बैंगलोर) ने श्रद्धांजलि स्वरूप अपने विचार व्यक्त किए. सम्मेलन ने शोध, नवाचार और सहयोग के नए आयाम स्थापित करते हुए सफलतापूर्वक अपना उद्देश्य पूर्ण किया.
