February 14, 2026

वीआईपी मूवमेंट, आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता पर चर्चा

IMG-20260214-WA0004

राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू 26 को आएंगी शहर, उपायुक्त ने बैठक कर की तैयारी की समीक्षा

जमशेदपुर : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के आगामी 26 फरवरी को प्रस्तावित शहर आगमन के मद्देनजर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में बैठक हुई. इस अवसर पर आयोजन समिति, पुलिस विभाग व प्रशासनिक अधिकारियों तथा कार्यकारी एजेंसियां शामिल हुई. इस दौरान आयोजन स्थल कदमा, सोनारी एयरपोर्ट सहित परिभ्रमण मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, पार्किंग, विद्युत, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई.
उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सुरक्षा के सभी मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर वीआईपी मूवमेंट, आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता तथा भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष तैयारी करने के निर्देश दिए. पुलिस पदाधिकारियों को परिभ्रमण मार्ग पर सुरक्षा घेरा सुदृढ़ रखने, यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने तथा संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने हेतु आवश्यकता अनुसार ड्रॉप गेट, बैरिकेटिंग आदि कार्य करने का निर्देश दिया गया. आयोजकों को निमंत्रण कार्ड, बैक ड्रॉप, स्पीच नोट, डायस प्लान सहित संपूर्ण कार्यक्रम की रूप रेखा तैयार कर समर्पित करने का निर्देश दिया गया.
उपायुक्त ने कहा कि सभी तैयारियां समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से पूर्ण की जाएं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके. बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, निदेशक एनईपी संतोष गर्ग, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय, जेएनएसी के उप नगर आयुक्त कृष्णा कुमार, एडीएम एसोआर राहुल जी आनंद जी, ट्रैफिक पुलिस उपाधीक्षक, यांत्रिकी विभाग के अभियंता, आयोजन समिति के सदस्य समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.