विभिन्न सामाजिक कार्यों से अबतक लाखों तक पहुंचाई मदद
नेताजी को माना आदर्श : 22 वर्ष पूर्व पारस नाथ मिश्रा ने गठित की थी संस्था
जमशेदपुर : नेताजी सुभाष चंद्र बोस को अपनी प्रेरणा मानकर 22 वर्ष पूर्व अपने विद्यार्थी जीवन में पारस नाथ मिश्रा ने सुभाष युवा मंच की स्थापना अपने कुछ दोस्तों के साथ मिलकर की थी. तबसे मंच द्वारा निरंतर सामाजिक कार्य किये जा रहे हैं. इसके तहत ‘आनंद भोज’ कार्यक्रम के तहत अबतक 5.5 लाख जरूरतमंदों लोगों को भोजन कराया जा चुका है. आनंद भोज प्रत्येक मंगलवार टाटानगर स्टेशन पर किया जाता है. साथ ही मुंबई, नेपाल, पटना, रांची में भी इसका निरंतर आयोजन हो रहा है.
इसके अलावा मेधावी छात्रों को पढ़ाई में मदद के अलावा श्री मिश्रा द्वारा अबतक 35 कन्याओं की शादी कराई जा चुकी है. वैसे माता-पिता जो आर्थिक अभाव के कारण अपनी बेटी की शादी नहीं कर पाते हैं उनकी शादी श्री मिश्रा अपनी टीम के साथ मिलकर बहन के अनुरुप शादी कराते हैं. कोरोना के समय लगातार 100 दिन भोजन वितरण मंच के बैनर तले किया गया था. साथ ही जरुरतमंदों में 30 हजार मास्क का भी वितरण किया गया था. मंच की पहल पर समय-समय पर मेडिकल कैंप लगाया जाता है, जिसमें जांच के अलावा जरुरमंदों को दवा भी उपलब्ध कराई जाती है. इन सामाजिक कार्यों में संस्था में उनके साथ रमाशंकर सिंह, अजय सक्सेना, भोला चौधरी, सुनील सिंह, विशाल कुमार, सदस्यकांत मिश्रा, अभिषेक शुक्ला, अजय कुमार, अभिषेक चौधरी, गोपाल महतो, डॉ डी के मिश्रा का योगदान रहा है.
