February 20, 2026

विधानसभा में पूर्णिमा ने उठाया बीएड छात्रों का मुद्दा

IMG-20260220-WA0006

ई-कल्याण छात्रवृत्ति लंबित होने पर सरकार से त्वरित हस्तक्षेप की मांग

जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने झारखंड विधानसभा में बीएड की पढ़ाई कर रहे छात्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया. उन्होंने सरकार का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए कहा कि प्रथम सेमेस्टर पूर्ण होने के बावजूद विद्यार्थियों को ई-कल्याण पोर्टल के माध्यम से मिलनेवाली छात्रवृत्ति राशि अब तक प्राप्त नहीं हुई है. विधायक ने बताया कि छात्रवृत्ति लंबित रहने के कारण छात्र आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है. अब तो स्थिति यह हो गयी है कि एक तरफ छात्र आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं वहीं दूसरी ओर उन पर अगले सेमेस्टर की फीस जमा करने का दबाव बनाया जा रहा है.
पूर्णिमा ने विधानसभा अध्यक्ष के माध्यम से संबंधित मंत्री से मांग की कि जबतक छात्रवृत्ति की राशि विद्यार्थियों के खातों में उपलब्ध नहीं हो जाती, तबतक बीएड छात्रों को फीस जमा करने से छूट देने का निर्देश जारी करें. कहा कि सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि आर्थिक अभाव किसी भी छात्र की शिक्षा में बाधा न बने. इसके अतिरिक्त विधायक ने राज्य महिला आयोग की उदासीनता पर भी सवाल किया. उन्होंने बताया कि आयोग में अध्यक्ष का पद लंबे समय से खाली होने के कारण इसकी कार्यप्रणाली पूरी तरह प्रभावित हो गई है, जिससे महिलाओं से जुड़े मामलों की सुनवाई ठप पड़ी है. इसलिये सरकार को अविलंब अध्यक्ष की नियुक्ति कर आयोग को सक्रिय करना चाहिए, जिससे महिलाओं को न्याय के लिए प्रभावी मंच उपलब्ध हो सके.