विधायक संजीव ने कलाकारों संग बजाया मांदर-नगाड़ा
संस्कृति के रंग में रंगा टांगरसाई, 10 सर्वश्रेष्ठ टुसु प्रतिमाएं हुईं सम्मानित
जमशेदपुर : प्रखंड के पोटका पंचायत अंतर्गत टांगरसाई में रविवार को मकर संक्रांति के अवसर पर सती घाट टुसु मेला समिति द्वारा आयोजित 30वें सती घाट टुसु मेले में ग्रामीणों का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा. मेला में ग्रामीण पारंपरिक वेश-भूषा और रीति-रिवाजों के साथ टुसु प्रतिमाएं लेकर पहुंचे. इस दौरान मेले में शामिल 10 सर्वश्रेष्ठ टुसु प्रतिमाओं को समिति की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. प्रथम पुरस्कार रोलाडीह टोला सालोयडीह की टुसु प्रतिमा को दिया गया, जबकि अन्य प्रतिमाओं को सांत्वना पुरस्कार से नवाजा गया.
मेले में मुख्य अतिथि के रूप में पोटका विधायक संजीव सरदार, विशिष्ट अतिथि पूर्व पार्षद चंद्रावती महतो, पंसस छबि दास एवं झामुमो नेता सुनील महतो उपस्थित रहे और विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किया. इस दौरान विधायक संजीव सरदार ने ग्रामीणों एवं कलाकारों के साथ मांदर, ढोल और नगाड़ा बजाकर आयोजन की शोभा बढ़ाई, जिससे पूरा मेला परिसर उत्सव और उल्लास से भर गया.
मौके पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि टुसु पर्व हमारी सांस्कृतिक विरासत की जीवंत पहचान है. यह सिर्फ एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी एकता, सामूहिकता और परंपरा का उत्सव है. ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं, इसलिए इसे सुरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि पोटका की संस्कृति को राज्य और देश में पहचान दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा. विधायक ने सफल आयोजन के लिए सभी ग्रामवासियों एवं समिति के सदस्यों को बधाई दी. आयोजन को सफल बनाने में समिति के निर्मल सरदार, समरजय सरदार, सुब्रतो लाहा, संजीवन सरदार, गोरा कर्मकार, समीर गोप, शत्रुघ्न सरदार, रावण सरदार, मुनिलाल सरदार, सचिन सरदार, राजकुमार गोप सहित अन्य ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा.
