विद्यार्थियों के साथ संवाद कर ग्रुप फोटो खींचवाएंगी महामहिम
बारीडीह स्थित मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में 26 को अपराह्न 2.50 बजे होगा आगमन
जमशेदपुर : राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के शहरागमन के अवसर पर वे कदमा में श्री जगन्नाथ मंदिर के शिलान्यास के उपरांत अपराह्न 2.50 बजे बारीडीह स्थित मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज भी जाएंगी. संस्थान ने इसे अत्यंत गौरव का विषय बताया है तथा कॉलेज परिसर में जोरशोर से तैयारी जारी है. कॉलेज प्रबंधन का मानना है कि यह यात्रा न केवल संस्थान के लिए बल्कि संपूर्ण झारखंड के चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र के लिए एक मील का पत्थर साबित होगी.
कॉलेज परिसर में आयोजित समारोह में मणिपाल एकेडमी ऑफ हायर एजुकेशन (माहे) तथा टाटा स्टील के कई वरिष्ठ अधिकारी सहित अन्य गण्यमान्य अतिथि शामिल होंगे. कॉलेज परिसर पहुंचने पर महामहिम का स्वागत किया जाएगा. इसके बाद विद्यार्थियों के साथ संवाद के तहत छात्रों के साथ बातचीत और ग्रुप फोटो कराई जाएगी. उन्हें स्मृति स्वरूप एक पौधा प्रदान किया जाएगा, जिसके उपरांत प्रबंधन एवं संकाय के साथ तथा संस्थान के मैनेजमेंट और फैकल्टी के साथ ग्रुप फोटो होगी. ‘माहे’ प्रंबधन ने साझा किया कि राष्ट्रपति की उपस्थिति संस्थान के प्रति उनके विश्वास और देश के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है. प्रबंधन ने बताया कि राष्ट्रपति का आगमन संस्थान के छात्रों और शिक्षकों में राष्ट्र सेवा और चिकित्सा के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करने हेतु एक नई ऊर्जा का संचार करेगा. उनके आगमन के मद्देनजर विश्वविद्यालय प्रबंधन स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक प्रोटोकॉल सुनिश्चित कर रहा है. परिसर को विशेष रूप से सजाया जा रहा है.
