March 26, 2026

विस चुनाव में पार्टी कार्यकर्ताओं को बन्ना ने दिए जीत के टिप्स

IMG-20260325-WA0011

● कांग्रेस के पर्यवेक्षक के रूप में पूर्व मंत्री पहुंचे झाड़ग्राम, हुआ अभिनंदन

hemkund-public-school

जमशेदपुर : पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र कांग्रेस पार्टी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक एवं पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता आज झाड़ग्राम पहुंचे. उनके आगमन पर जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष गोलपी सोरेन समेत अन्य पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने स्वागत किया. झाड़ग्राम स्थित पार्टी कार्यालय में जिलाध्यक्ष गोलपी सोरेन की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें जिले के वरिष्ठ नेताओं, प्रखंड अध्यक्षों, मोर्चा संगठनों के प्रतिनिधियों एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं ने भाग लिया. इस दौरान संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने तथा आगामी चुनाव के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करने पर चर्चा हुई. साथ ही बूथ प्रबंधन, मतदाता संपर्क अभियान, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग, युवा एवं महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने तथा जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई. प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की वर्तमान राजनीतिक स्थिति, संगठन की ताकत एवं कमजोरियों का भी विश्लेषण किया गया.
इस अवसर पर बन्ना गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आम जनता की आवाज रही है और आज भी प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है. उन्होंने कहा कि अगर संगठन पूरी एकजुटता, समर्पण और रणनीति के साथ काम करे, तो सभी विधानसभा क्षेत्रों में जीत सुनिश्चित की जा सकती है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों, विचारधारा एवं जनहित में किए गए कार्यों को लोगों तक पहुंचाएं. उन्होंने निर्देश दिया कि बूथ स्तर तक मजबूत टीम का गठन करें, प्रत्येक कार्यकर्ता को जिम्मेदारी दी जाए और नियमित रूप से समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएं, ताकि चुनावी तैयारी में किसी प्रकार की कमी न रहे. बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आगामी दिनों जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान, पदयात्रा एवं जनसभाओं का आयोजन किया जाएगा, जिससे पार्टी का संदेश सीधे जनता तक पहुंचे और अधिक से अधिक लोगों का समर्थन प्राप्त हो.
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष गोलपी सोरेन ने सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने का आह्वान किया और श्री बन्ना गुप्ता को आश्वस्त किया कि जिले के सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा एवं मेहनत के साथ चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्य करेंगे और सबके सहयोग से सभी चार विधानसभा में जीत दर्ज करेंगे.
बैठक में जिले के कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता, प्रखंड अध्यक्ष, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे.