वित्तीय व सांस्कृतिक विशेषताओं से रूबरू हुए प्रशिक्षु आईएएस
टाटा स्टील प्लांट व ट्राइबल कल्चर सेंटर का भ्रमण कर प्राप्त की जानकारी
जमशेदपुर : भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 11 प्रशिक्षु अधिकारी ‘विंटर स्टडी टूर’ के तहत दो दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण पर शहर पहुंचे. इस अध्ययन भ्रमण का उद्देश्य प्रशिक्षु अधिकारियों को उद्योग, वाणिज्य, वित्तीय व्यवस्था, अर्थव्यवस्था, संसाधन प्रबंधन एवं क्षेत्रीय विकास की व्यावहारिक समझ प्रदान करना है. इसके पहले दिन प्रशिक्षु अधिकारियों ने टाटा स्टील प्लांट का भ्रमण कर औद्योगिक उत्पादन, आधुनिक तकनीक, संसाधन प्रबंधन एवं औद्योगिक प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त की. साथ ही उन्होंने पी एन बोस मेमोरियल, ट्राइबल कल्चर सेंटर का भी भ्रमण किया. वहां उन्हें जनजातीय संस्कृति, परंपराओं एवं सामाजिक संरचना की जानकारी दी गई, वहीं सेंटर फॉर एक्सीलेंस के भ्रमण के दौरान कौशल विकास, नवाचार एवं मानव संसाधन सशक्तिकरण से जुड़ी गतिविधियों से अवगत कराया गया.
यह भ्रमण प्रशिक्षु अधिकारियों के लिए प्रशासनिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण रहा, जिससे उन्हें नीति निर्माण, औद्योगिक विकास, आर्थिक गतिविधियों एवं संसाधनों के प्रभावी उपयोग की व्यावहारिक समझ प्राप्त हुई. शैक्षणिक भ्रमण में प्रशिक्षु अधिकारी हरिप्रसाथ एम, सुशांत कुमार, शिवानी मोहन, सक्षम भाटिया, पाटिल कृष्णा बाबरुवान, कुमुद मिश्रा, फरखंदा कुरैशी, दिव्यांश मीणा, अभिषेक कुमार सिंह, गोवसिका पी.आर. एवं अंकित पांडेय शामिल हैं. उपायुक्त के दिशा-निर्देशानुसार डिस्ट्रिक्ट लीड (एडीपी) अभिषेक झा ने इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान अधिकारियों को आवश्यक सहयोग प्रदान किया.
