व्यय लेखा-पंजियों के संधारण की प्रक्रिया की दी जानकारी
सिदगोड़ा टाउन हॉल में सरकारी कर्मियों को मिली ट्रेनिंग, बताये गए तरीके
जमशेदपुर : जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त के निर्देशानुसार नगरपालिका चुनाव अंतर्गत मानगो नगर निगम क्षेत्र, जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र तथा चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में उम्मीदवारों के निर्वाचन व्यय से संबंधित व्योरा को निर्धारित तिथि को व्यय कोषांग में जमा करने के बारे में बिरसा मुंडा टाउन हॉल, सिदगोड़ा में प्रशिक्षण दिया गया. इस दौरान निर्वाचन आयोग के निर्देशों के आलोक में अभ्यर्थियों के निर्वाचन व्यय लेखा की जांच के लिए व्यय लेखा अनुश्रवण कोषांग हेतु गठित कोषांग में अभ्यर्थियों को व्यय लेखा संधारण एवं व्यय पंजियों के संधारण तथा प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई.
प्रशिक्षण में बताया गया कि अभ्यर्थियों के निर्वाचन व्यय लेखा की जांच तीन चरणों में की जाएगी. प्रथम जांच 12 फरवरी, द्वितीय जांच 16 फरवरी तथा तृतीय जांच 20 फरवरी, 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 5 बजे तक निर्धारित है. मानगो नगर निगम एवं जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र के लिए जांच स्थल वाणिज्य कर कार्यालय, जमशेदपुर (ट्रेजरी कार्यालय के सामने) निर्धारित किया गया है. जबकि चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के लिए जांच स्थल प्रखंड कार्यालय परिसर, चाकुलिया रहेगा. इसके अलावे निर्वाचन अवधि में उम्मीदवारों के लिए लागू आदर्श आचार संहिता के दायरे में रहकर चुनाव प्रचार प्रसार गतिविधि संचालन करने के बारे में जानकारी दी गई. बैठक में निदेशक एनईपी संतोष गर्ग, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकरी राहुल जी आनंद जी तथा सभी प्रत्याशी एवं अभिकर्ता मौजूद थे.
