March 24, 2026

Chaibasa Road Accident : अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौके पर मौत, परिवार में मातम

Chaibasa Road Accident

अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौके पर मौत, परिवार में मातम

Chaibasa/Jharkhand : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है। इस दुर्घटना में 28 वर्षीय युवक घनश्याम कालुंडिया की जान चली गई। घनश्याम अपने ससुराल से वापस घर लौट रहा था, तभी रास्ते में एक अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियाँ छीन ली हैं।

घनश्याम के आखिरी शब्द-मैं धीरे-धीरे आ रहा हूं

हादसे के प्रत्यक्षदर्शी और मृतक के दोस्त त्रिलोचन बोयपाई ने घटना के कुछ समय पहले की मंजर को याद करते हुए बताया कि उसकी मुलाकात घनश्याम से कॉलेज मोड़ स्थित गीता पेट्रोल पंप के पास हुई थी। त्रिलोचन ने घनश्याम को रुकने और साथ में पेट्रोल भरवाकर चलने को कहा था, लेकिन घनश्याम ने यह कहते हुए मना कर दिया कि वह धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है और वे रास्ते में मिलेंगे।

त्रिलोचन को क्या पता था कि घनश्याम से यह उसकी आखिरी मुलाकात होगी। कुछ ही देर बाद जब त्रिलोचन लिटिल पी लाइन होटल के पास एक सीमेंट दुकान के सामने पहुँचा, तो वहाँ लोगों का हुजूम लगा था। पास जाकर देखा तो घनश्याम की बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त थी और वह खुद लहूलुहान अवस्था में सड़क पर पड़ा था। आशंका जताई जा रही है कि किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मारी और चालक मौके से फरार हो गया।

दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

हादसे की जानकारी मिलते ही त्रिलोचन ने स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घनश्याम को तुरंत सदर अस्पताल पहुँचाया। हालांकि, नियति को कुछ और ही मंजूर था; डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घनश्याम कालुंडिया पेशे से किसान था और खेती-बारी कर अपने परिवार की जिम्मेदारी उठा रहा था। वह न केवल एक मेहनती किसान था, बल्कि बेहतर भविष्य के लिए सरकारी नौकरी की तैयारी भी कर रहा था। उसके पीछे उसके दो छोटे बच्चे और पत्नी हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस कर रही है वाहन की तलाश

मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की पहचान की जा सके। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया है कि फरार वाहन और उसके चालक को जल्द ही कानून के दायरे में लाया जाएगा।

You may have missed