श्याम महोत्सव पर निकली शोभायात्रा, 1500 से अधिक भक्त हुए शामिल
शाम को भजन संध्या में कलाकारों ने गाये भजन, देर रात तक झूमे शहरवासी
जमशेदपुर : साकची शिव मंदिर एवं श्री श्याम परिवार का श्याम महोत्सव गुरूवार को शिव मंदिर में धूमधाम से मनाया गया. महोत्सव को लेकर पूरे मंदिर परिसर समेत पुष्पो से सुज्जित श्याम बाबा का विशाल दरबार सजाया गया था. अपराह्न 2 बजे से विराट शोभायात्रा मंदिर परिसर से निकली, जिसमें 1500 से अधिक भक्त श्याम नाम की ध्वजा लिए शामिल हुए. यात्रा का शुभारंभ साकची शिव मंदिर में पूजा अर्चना के बाद बाबा के जयकारे से हुई, जो साकची पलंग मार्केट चौक, बड़ा गोलचक्कर चौक, स्टेट माइल रोड से काशीडीह होते हुए वापस मंदिर पहुंच कर बाबा श्याम को निशान अर्पित की गई. शोभा यात्रा में सबसे आगे दो घोड़े पर सवार दो बच्चे और उसके पीछे बाबा श्याम और हनुमान जी का ध्वजा लिये भक्त चल रहे थे.
रात्रिबेला में भजनों की अमृत वर्षा हुई, जिसमें भजन गायक कोलकाता के संजू शर्मा और विवेक शर्मा ने भक्तों को खूब झुमाया. शहर के गायक महावीर अग्रवाल ने गणपत बलकारी जी… से भजन की शुरुात की. इसके बाद कलाकारों ने ‘कीर्तन मे यूं ही होता रहे तेरा ये दीदार सांवरे…, हारे के सहारे आजा तेरा दास पुकारे…, गर जोर मेरो चाले हीरा मोत्या से नजर उतार दू…, दीनानाथ मेरी बात छानी कोनी तेरे से…आदि भजनों की प्रस्तुति दी.
ध्वजा एवं अखंड ज्योत की पूजा
सुबह ध्वजा पूजन टेल्को निवासी ममता-मनोज अग्रवाल ने की. संध्याबेला में अखंड ज्योत की पूजा यजमान राहुल चौधरी ने सपत्नी की. महोत्सव का आकर्षण आलौकिक श्रृंगार, छप्पन भोग, अखण्ड ज्योत, विशाल संकीर्तन रहा. साथ ही निशान यात्रा में विशेष आकर्षण 75 लोगों द्वारा नासिक ढोल के साथ गाजे बाजे का प्रदर्शन रहा, जिसमें महिलाएं भी शामिल थी. कल, शुक्रवार को भंडारा का आयोजन होगा. अनुष्ठान को सफल बनाने में अध्यक्ष गिरधारी लाल खेमका, सुभाष साह, नरेश अग्रवाल, उमेश साह, कमलेश चौधरी, नरेश सिंहानिया, सुरेश अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, पवन खेमका, प्रमोद खन्ना आदि का योगदान रहा.
