युवा नशापान से दूर रहें, यातायात नियमों का करें पालन
सिदगोड़ा टाउन हॉल में केन्द्रीय शांति समिति की डीसी-एसएसपी के साथ बैठक
जमशेदपुर : सिदगोड़ा टाउन हॉल में आगामी होली एवं ईद उल फितर के मद्देनजर जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने केन्द्रीय शांति समिति सदस्यों के साथ बैठक की. बैठक में शांति समिति सदस्यों से क्रमवार उनकी क्षेत्र की समस्याओं को सुना, साथ ही विधि व्यवस्था संधारण के लिए क्या बेहतर कदम उठाए जा सकते हैं इसपर सदस्यों से मिले सुझावों पर अमल को लेकर आश्वस्त किया. एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर संतोष गर्ग समेत जिला प्रशासन के अन्य वरीय पदाधिकारी, बीडीओ, सीओ, डीएसपी, थाना प्रभारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के केन्द्रीय शांति समिति के सदस्य बैठक में उपस्थित रहे.
बैठक में शांति समिति के सदस्यों से उनके-उनके क्षेत्रों की समस्याओं एवं सुझावों को सुना गया. विधि-व्यवस्था संधारण, जुलूस मार्ग, संवेदनशील स्थलों की निगरानी, पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई तथा यातायात प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. उपायुक्त ने कहा कि दोनों पर्व आपसी प्रेम, सद्भाव एवं भाईचारे का संदेश देते हैं. जिले में सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की समुचित एवं सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी. युवाओं को विशेष रूप से नशापान से दूर रहने, तेज गति से वाहन नहीं चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की. पर्व के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर विशेष निगरानी रखी जाएगी. अफवाह फैलाने, भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. एसएसपी ने बताया कि संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, गश्ती दलों की सक्रियता एवं क्यूआरटी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी.
