₹20,000 करोड़ में एयरपोर्ट के पास बसेंगे नए शहर, अदाणी का बड़ा दांव
सर्च न्यूज: सच के साथ:
परियोजना के तहत एयरपोर्ट परिसरों के आसपास होटल, रिटेल, ऑफिस, कन्वेंशन सेंटर, मनोरंजन और व्यावसायिक सुविधाओं से युक्त आधुनिक शहरी जिले विकसित किए जाएंगे। कुल निवेश का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा केवल मुंबई और नवी मुंबई पर केंद्रित रहेगा, क्योंकि इन्हें देश के सबसे महत्वपूर्ण व्यावसायिक और विमानन केंद्रों में माना जाता है।
अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स के निदेशक जीत अदाणी ने कहा कि दुनिया के कई प्रमुख एयरपोर्ट केवल यात्रा के केंद्र नहीं, बल्कि व्यापार, पर्यटन और रोजगार के बड़े इंजन बन चुके हैं। इसी मॉडल को भारत में लागू करते हुए कंपनी एयरपोर्ट को ऐसे आर्थिक केंद्रों में बदलना चाहती है, जहां बेहतर कनेक्टिविटी के साथ निवेश, रोजगार और स्थानीय विकास को नई गति मिले।
कंपनी ने इस पहल के तहत पांच लक्जरी और प्रीमियम होटलों के लिए आईएचजी होटल्स एंड रिसॉर्ट्स के साथ समझौते भी किए हैं, जिनमें भारत में किम्पटन ब्रांड की शुरुआत शामिल है। सभी परियोजनाओं को टिकाऊ विकास को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया जा रहा है और इन्हें LEED गोल्ड प्री-सर्टिफिकेशन भी प्राप्त हुआ है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल भारतीय एयरपोर्ट्स को केवल परिवहन केंद्र नहीं, बल्कि भविष्य के आधुनिक शहरी विकास मॉडल में बदल सकती है।
