सर्च न्यूज: सच के साथ: रांची जिला प्रशासन की संवेदनशील कार्यशैली का एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है, जहां 85 वर्षीय बुजुर्ग राधेश्याम नाथ की शिकायत पर प्रशासन ने सिर्फ 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया। इस पूरे मामले ने लोगों के बीच प्रशासन की तत्परता और मानवीय सोच की चर्चा तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार, किशोरगंज निवासी राधेश्याम नाथ अपनी समस्याओं और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। बुजुर्ग की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल प्रक्रिया शुरू कर दी। प्रशासनिक अधिकारियों ने न केवल उनकी समस्याएं सुनीं, बल्कि बेहद कम समय में आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें सर्वजन पेंशन योजना का स्वीकृति प्रमाणपत्र उपलब्ध कराया।
इसके साथ ही बुजुर्ग का आयुष्मान कार्ड भी बनवाकर उनके घर तक पहुंचाया गया, ताकि उन्हें स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ आसानी से मिल सके। प्रशासन की इस तेज कार्रवाई से बुजुर्ग काफी भावुक नजर आए और उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
इस घटना के बाद लोगों के बीच यह चर्चा भी तेज हो गई कि यदि प्रशासन इसी संवेदनशीलता और तेजी के साथ काम करे, तो आम लोगों की कई समस्याएं समय रहते दूर हो सकती हैं। रांची जिला प्रशासन ने भी स्पष्ट किया कि जरूरतमंद और पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।