February 13, 2026

आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं पर कराया ध्यान आकृष्ट

IMG-20260213-WA0006

● एससीसीआई प्रतिनिधिमंडल की जियाडा एमडी से मुलाकात

जमशेदपुर : सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एससीसीआई) का प्रतिनिधिमंडल झारखंड इंडस्ट्रियल एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (जियाडा) के प्रबंध निदेशक वरुण रंजन से रांची स्थित उनके कार्यालय में मिला. बैठक के दौरान आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र एवं इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर में संचालित उद्योगों और एमएसएमई इकाइयों के समक्ष आ रही विभिन्न आधारभूत, प्रशासनिक एवं नीतिगत समस्याओं पर चर्चा की गई. प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व अध्यक्ष मानव केडिया ने किया. उनके साथ महासचिव पुनीत काउंटिया, उपाध्यक्ष (उद्योग) हर्ष बखरेवाल, उपाध्यक्ष (टैक्स एवं वित्त) राजीव अग्रवाल तथा उद्योग सचिव विनोद शर्मा उपस्थित थे.
चैम्बर की ओर से समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें औद्योगिक क्षेत्र की परिचालन संबंधी कठिनाइयों, आधारभूत संरचना की जर्जर स्थिति, प्रशासनिक प्रक्रियाओं की जटिलताओं तथा भविष्य के विकास से जुड़े सुझावों को प्रमुखता से रखा गया. जियाडा के प्रबंध निदेशक वरुण रंजन ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना और त्वरित समाधान का आश्वासन दिया. उन्होंने बताया कि सड़क मरम्मत कार्य मध्य अप्रैल से प्रारंभ किया जाएगा. साथ ही ड्रेनेज की डी-सिल्टिंग और सफाई के लिए क्षेत्रीय निदेशक को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. अन्य मुद्दों के समाधान हेतु संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर प्राथमिकता के आधार पर कदम उठाए जाएंगे.