आरडी टाटा टेक्निकल सेंटर के छात्रों द्वारा तैयार स्मार्ट चाबी की सराहना
रेडियंट झारखंड प्रदर्शनी : दूसरे दिन पहुंचे पांच हजार से अधिक लोग, छात्रों की संख्या अधिक
जमशेदपुर : विज्वल मिथ्स एवं ‘लेडीज़ सर्कल इंडिया जीएमसीएलसी-160 संस्था के तत्वावधान में बिष्टुपुर के एक होटल में चल रहे ‘रेडियंट झारखंड’ प्रदर्शनी के दूसरे दिन शुक्रवार को कोल्हान के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे विद्यार्थियों ने वहां लगाए गए एक-एक स्टॉल का दौरा किया तथा ज्ञानवर्धक, कैरियर एवं प्लेसमेंट से जुड़ी जानकारियां प्राप्त की. साथ ही वहां कराए जा रहे क्वीज कंपीटिशन में हिस्सा लिया. प्रदर्शनी में सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों के 50 से ज्यादा स्टॉल लगाए गए हैं. वहां केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलायी जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की. प्रत्येक स्टॉल पर एक्सपर्ट्स उन्हें विभाग की गतिविधियों की जानकारी साझा की.
इस दौरान आरडी टाटा टेक्निकल एजुकेशन सेंटर के छात्रों की ओर से तैयार किए गए स्मार्ट चाबी, कैबिनेट, ट्रैस बीओटी कोड तथा रोबोट की छात्रों ने सराहना की. इसी तरह सीएसआईआर राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (एनएमएल) के स्टॉल, भारत सरकार के रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय (सिपेट) द्वारा संचालित शॉट एवं लांग टर्म कोर्स तथा प्लेसमेंट से जुड़े स्टॉल, आईसीएमआर, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेस्ट मैनेजमेंट के स्टॉल पर भी भीड़़ देखी गई. प्रदर्शनी में झारखंड जैव विविधता पर्षद की ओर से लगाए गए स्टॉल पर छात्रों ने पशु, पक्षी, कृषि, उद्यान से जुड़ी ज्ञानवर्धक जानकारियां प्राप्त की.
लखटकिया साड़ी रहा आकर्षण का केंद्र
प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण गुजरात हथकरघा एवं हस्तशिल्प का स्टॉल रहा. यहां 11 हजार से लेकर 2.40 लाख रु. की साड़ी आकर्षण का केंद्र रही. आयोजकों ने बताया कि क्राफ्ट्स ऑफ गुजरात की डबल एकत पटान पटोला साड़ी की कीमत 96 हजार से प्रारंभ होकर 2.40 लाख तक की है. इसी तरह आशावली साड़ी की कीमत 56 हजार 700 तथा 83 हजार 600 रुपये की है. जबकि टांगलिया साड़ी की कीमत 16 एवं 20 हजार रुपये में उपलब्ध है.
समापन आज, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले होंगे पुरस्कृत
तीन दिवसीय प्रदर्शनी का समापन कल, शनिवार को होगा. समापन समारोह में अतिथि के रुप में सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष मानव केडिया, समाजसेवी प्रभाकर सिंह समेत अन्य अतिथि मौजूद रहेंगे. आयोजन संस्था के चेयरमैन वनीश गुप्ता एवं प्रोजेक्ट डायरेक्टर किंजल गांधी एवं नीतू पाल गुप्ता ने बताया कि प्रदर्शनी में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विभाग के पदाधिकारियों के अलावे विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा.

